त्योहारी सीजन को देखते हुए कलेक्टर के निर्देश पर शाजापुर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग जांच अभियान चला रहा है। इसी क्रम में 2 अक्टूबर को खाद्य सुरक्षा, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने मक्सी में कार्रवाई की। यह कार्रवाई नितिन पांचाल नामक व्यक्ति की शिकायत पर की गई, जिनके परिवार के छह लोग खराब फरियाली आटे के उपयोग से बीमार हो गए थे। जांच टीम ने मक्सी स्थित मोदी ट्रेडिंग कंपनी पर दबिश दी। जांच के दौरान दुकान से खुले में विक्रय किए जा रहे फरियाली मोरधन का आटा, राजगिरा, सवा भंगार और सिंघाड़ा आटे के नमूने लिए गए। इन सभी नमूनों को आगे की जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच टीम ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए हैं। अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने पर सक्षम न्यायालय में प्रकरण दर्ज किया जाएगा। दुकानदारों और ग्राहकों को निर्देश जांच टीम ने इस दौरान ग्राहकों को जागरूक करते हुए सुझाव दिया कि वे पैक खाद्य सामग्री खरीदते समय पैकिंग तिथि और ‘बेस्ट बिफोर/यूज बाय’ डेट अवश्य देखें। वहीं, दुकानदारों को सख्त निर्देश दिए गए कि वे फूड लाइसेंस के साथ फूड सेफ्टी डिस्प्ले बोर्ड लगाएं, दुकान में साफ-सफाई बनाए रखें, खाद्य सामग्री को ढंककर रखें और ढक्कन युक्त डस्टबिन का उपयोग करें, खरीदी-बिक्री का रिकॉर्ड रखें।


