भास्कर न्यूज | बैकुंठपुर समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों के लिए शासन ने नियमों में बदलाव कर दिया है। ऑनलाइन टोकन व्यवस्था बंद होने के बाद अब किसानों को समिति में आवेदन देना होगा। आवेदन के बाद पहले सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी और इसके बाद ही टोकन जारी किया जाएगा। धान खरीदी की अंतिम तिथि 31 जनवरी निर्धारित की गई है। ऐसे में किसानों के पास अब सीमित समय ही शेष बचा है। वहीं 30 जनवरी को धान खरीदी बंद रहेगी। धान खरीदी की प्रक्रिया पूरी होने में अब केवल सात दिन बाकी हैं। जैसे-जैसे अंतिम तिथि नजदीक आ रही है, समितियों में टोकन कटवाने किसानों की भीड़ बढ़ती जा रही है। पहले जहां ऑनलाइन टोकन के माध्यम से खरीदी होती थी, वहीं अब समिति स्तर पर सीधे आवेदन लिए जा रहे हैं। नए नियम के तहत बिना सत्यापन के टोकन नहीं काटा जाएगा, जिससे प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने का दावा किया जा रहा है। शासन द्वारा तय अंतिम तिथि 31 जनवरी है, जो कि शनिवार को पड़ रही है। सामान्यतः शनिवार को धान खरीदी नहीं होती, लेकिन इस बार किसानों की सुविधा को देखते हुए शासन ने 31 जनवरी को भी धान खरीदी कराने का निर्णय लिया है। समिति प्रबंधन अंतिम तिथि तक के लिए टोकन जारी कर रहा है, ताकि अधिक से अधिक किसान समर्थन मूल्य का लाभ उठा सकें। यहां इतने किसानों ने किया आवेदन समितियों में रोजाना आवेदन करने वाले किसानों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। आदिम जाति सेवा सहकारी समिति जामपारा की बात करें तो बुधवार तक यहां कुल 55 किसानों ने आवेदन जमा किए हैं। इनमें से 46 किसानों के आवेदन का सत्यापन पूरा कर लिया है। सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब इन किसानों के टोकन काटने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। धान खरीदी को लेकर समय-सारिणी भी स्पष्ट कर दी है। अब कुल छह दिन ही धान खरीदी की जाएगी। 30 जनवरी को खरीदी बंद रहेगी, जबकि 31 जनवरी को विशेष रूप से धान खरीदी की जाएगी। समिति प्रबंधन का कहना है कि अंतिम दिनों में किसानों की संख्या अधिक होने की संभावना है, इसलिए किसानों से अपील की गई है कि वे समय रहते आवेदन और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करा लें।


