विश्व प्रसिद्ध खाटूश्यामजी के 8 दिवसीय फाल्गुन लक्खी मेले की तैयारियों को लेकर आज मेला मजिस्ट्रेट कार्यालय में अहम बैठक हुई। बैठक में मेले को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और श्रद्धालुओं के लिए अधिक सुगम बनाने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। इस बार लक्खी मेले में श्रद्धालुओं के कंफर्ट के लिए पुलिस और प्रशासन ने कई पॉजिटिव नवाचार किए हैं।
SDM मोनिका सामोर ने बताया कि SHYAMSARATHI.COM टाइटल्ड एक खास वेबसाइट तैयार की है। इस वेबसाइट के माध्यम से मेले से जुड़ी लगभग सभी इंपोर्टेंट इंफाॅर्मेशन ऑनलाइन उपलब्ध रहेंगी। ये वेबसाइट 5 फरवरी से एक्टिवेट हो जाएगी। श्रद्धालुओं के हर रास्ते से खाटू से आने-जाने की लोकेशन, मंदिर की समय सारिणी, दर्शन मार्ग, पार्किंग ब्लॉक सहित अन्य महत्वपूर्ण सूचनाएं आसानी से देख सकेंगे। इसके साथ ही इस वेबसाइट पर भंडारों के लिए आवेदन तथा वाहन पास के फॉर्म भी ऑनलाइन भरे जा सकेंगे, जिससे अनावश्यक भीड़ और कागजी प्रक्रिया से राहत मिलेगी।
खाटूश्यामजी DSP आनंद राव ने बताया कि मेले की पार्किंग व्यवस्था को भी इस बार हाईटेक बनाया जा रहा है। सभी प्रमुख पार्किंग स्थलों के लिए QR कोड जारी किए जाएंगे, जिन्हें स्कैन कर श्रद्धालु संबंधित पार्किंग की जानकारी, दिशा और क्षमता जान सकेंगे। इससे ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में मदद मिलेगी। हर पार्किंग के लिए अलग कलर के बैकग्राउंड पर QR कोड लगाया जाएगा, संबंधित पार्किंग में QR कोड के बैकग्राउंड का गैस बैलून लगाया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य है कि श्रद्धालुओं को अधिक से अधिक डिजिटल माध्यमों से सुविधाएं उपलब्ध कराई जाए, जिससे मेले के दौरान अव्यवस्थाओं को कम किया जा सके।
बैठक में बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा और मार्गदर्शन के लिए मेले क्षेत्र में 44 डिजिटल स्क्रीन लगाई जा रही हैं। इन स्क्रीन पर बाबा श्याम के LIVE दर्शन के साथ-साथ साइन बोर्ड की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। वहीं, एलईडी स्क्रीन के माध्यम से समय-समय पर रूल्स, दिशा-निर्देश और आवश्यक सूचनाएं दिखाई जाएंगी। बैठक में एसडीएम मोनिका सामोर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सड़क व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, बिजली व्यवस्था, सुलभ शौचालय, अस्थाई अतिक्रमण हटाने, पार्किंग प्रबंधन, दर्शन मार्ग और मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि मेले में स्थानीय लोगों को परेशानी नहीं हो, इसके लिए सभी को आधार कार्ड से आने-जाने की छूट रहेगी। इसके लिए जगह-जगह फ्लैक्स, बैनर लगाए जाएंगे और ब्रीफिंग के दौरान सुरक्षाकर्मियों को भी बताया जाएगा। इस बार लक्खी मेले में डिजिटल नवाचार और बेहतर प्रबंधन के चलते श्रद्धालुओं को एक सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित मेला अनुभव मिलने की उम्मीद है। बैठक में सभी विभागों के अधिकारी मौजूद थे।


