खाटू श्याम के दरबार में गूंजे भक्ति के स्वर:एक से बढ़कर एक भावपूर्ण भजनों ने मन मोहा, तेज सर्दी में भी देर रात तक भक्ति रस में डूबे श्रद्धालु

उदयपुर में श्री श्याम सेवा ट्रस्ट की ओर से शहर के सेक्टर-14 गरबा चौक प्रांगण में खाटू श्याम का भव्य कीर्तन रविवार देर रात को हुआ। गुनगुनी सर्दी के बीच आयोजित इस कीर्तन में बड़ी संख्या में श्याम भक्त उमड़े और देर रात तक भक्ति रस में डूबे नजर आए। इस मौके पर बाबा श्याम का विशेष एवं आकर्षक दरबार सजाया गया। जयपुर के सांवरिया डेकोरेटर द्वारा फूल-मालाओं से सजे दरबार ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। रंग-बिरंगे फूलों और सुंदर श्रृंगार के बीच विराजमान बाबा श्याम के दर्शन कर भक्त भाव-विभोर हो उठे। कीर्तन में भजन गायिका कनिका ग्रोवर, केमिता राठौड़ एवं अंजलि चिराग आचार्य ने एक से बढ़कर एक भावपूर्ण भजन प्रस्तुत किए। “दीनानाथ मेरी बात छानी कोणी तेरे से…”, “आओ सांवरिया सरकार लेले पर चढ़ के…”, “हमें तो जो भी मिला श्याम बाबा से मिला…” जैसे लोकप्रिय भजनों पर श्रद्धालु झूमते और बाबा के जयकारे लगाते नजर आए। पूरे प्रांगण में श्याम नाम की गूंज और भक्ति का अद्भुत माहौल बना रहा। कीर्तन के दौरान जैसे-जैसे भजनों की गति तेज होती गई, वैसे-वैसे श्रद्धालुओं की आस्था भी और गहरी होती चली गई। महिलाएं, बुजुर्ग और युवा एक साथ भक्ति में लीन नजर आए। श्याम नाम के जयकारों से पूरा प्रांगण गूंज उठा। भजनों के बीच शंखनाद और तालियों की गूंज ने माहौल को और जीवंत बना दिया। कार्यक्रम के अंत में आरती हुई और प्रसाद वितरण के साथ श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम से परिवार की सुख-शांति और खुशहाली की कामना की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *