धौलपुर जिले की बसेड़ी थाना पुलिस ने एक निजी डॉक्टर पर फायरिंग के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर हत्या के प्रयास का आरोप है। यह घटना बसेड़ी थाना क्षेत्र के सलेमपुर गांव में हुई थी। पुलिस के अनुसार यह वारदात 8 दिसंबर को हुई थी। सलेमपुर निवासी धर्मेंद्र सिंह पुत्र नंदू कुशवाह पर महेश पुत्र निहाल सिंह कुशवाह ने कट्टे से गोली चलाई थी। गोली धर्मेंद्र के पेट में लगी थी। इस दौरान आंगन में खेल रहे धर्मेंद्र के लगभग 2 साल के बेटे गीता उर्फ गीतांशु के पैरों में भी छर्रे लगे थे।
घायल धर्मेंद्र को ग्वालियर के कल्याणी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां ऑपरेशन कर गोली निकाली गई। इस संबंध में बसेड़ी थाने में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस महानिरीक्षक भरतपुर रेंज कैलाशचंद विश्नोई और धौलपुर पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देश पर पुलिस टीमों का गठन किया गया। सरमथुरा सीओ नरेंद्र कुमार मीणा के सुपरविजन में थानाधिकारी बालकृष्ण के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई की। टीम ने आरोपी महेश सिंह (22) को अतरसूमा गांव के पास से दस्तयाब कर गिरफ्तार किया है। पुलिस उससे घटना के संबंध में पूछताछ कर रही है।


