मधुकम महुआ टोली, देवी मंडप नीम चौक स्थित वर्षों से निवास कर रहे लोगों को जी+3 का आवास मिलेगा। यह निर्णय नगर निगम प्रशासन ने लिया है। सर्वे सूची के आधार पर पात्र परिवारों को यह आवास दिया जाएगा। यह निर्देश नगर निगम प्रशासक सुशांत गौरव ने बुधवार को दिया। बुधवार को प्रशासक इस क्षेत्र के निरीक्षण एवं भ्रमण करने गए थे। जिसमें उन्होंने कहा कि सुखदेव नगर थाना के समीप एवं देवी मंडप नीम चौक स्थित आश्रय गृह के समक्ष निगम भूमि पर वर्षों से निवासरत परिवारों का सर्वेक्षण कर उन्हें भविष्य की आवास योजनाओं के अंतर्गत आवास आवंटन किया जाएगा। प्रशासक के इस घोषणा के बाद नीम चौक के पास नगर निगम की जमीन पर वर्षों से निवास करने वाले लोगों में खुशी की लहर दौड़ गयी है। मगर इसके पहले उन्हें अपने अस्थाई आवासों को खाली करना होगा। बतातें चलें कि भास्कर ने यह मुद्दा उठाया था कि कई ऐसे परिवार हैं जिन्हें वर्षो पूर्व निगम ने भूमि आवंटन पत्र दिया था, जिसके बाद ये परिवार वहां घर निर्माण कराए थे। इन परिवारों का होल्डिंग टैक्स भी कटता है और बिजली कनेक्शन भी है। आश्रय गृह के रंग-रोगन का निर्देश प्रशासक ने देवी मंडप नीम चौक, मधुकम स्थित आश्रय गृह का निरीक्षण कर ठंड को देखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया। उन्होंने आश्रय गृह के रंग-रोगन एवं रखरखाव का निर्देश दिया।
प्रशासक ने प्रतिदिन डंप किए गए प्राइमरी वेस्ट का शत-प्रतिशत निष्पादन करते हुए स्थल को साफ-सुथरा एवं व्यवस्थित रखने का निर्देश दिया गया। अभियंत्रण शाखा को एमआरएफ केंद्र के समक्ष वाहनों की आवाजाही के लिए सुव्यवस्थित पाथ-वे निर्माण के निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान उप प्रशासक गौतम प्रसाद साहू, सहायक प्रशासक, नगर प्रबंधक, अभियंतागण एवं अन्य निगम कर्मी उपस्थित थे। पाथ-वे बनाने का दिया निर्देश
प्रशासक ने वार्ड-29 अंतर्गत मधुकम क्षेत्र का अपने टीम के साथ पूरे 11 एकड़, 62 डिसमिल निगम की जमीन का जायजा लिया। जिसमें नवनिर्मित एमआरएफ केंद्र, आवासीय परिसर, सब्जी मार्केट एवं खाली भूमि शामिल हैं। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के समग्र एवं सुनियोजित विकास को लेकर लेकर निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि खादगढ़ा सब्जी मंडी का विकास होगा। उन्होंने कहा कि मधुकम क्षेत्र का पुनर्विकास योजना को शीघ्र धरातल पर उतारते हुए स्थानीय निवासियों को समर्पित करना तथा क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित स्वरूप प्रदान करना रांची नगर निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने मधुकम क्षेत्र में नवनिर्मित एवं क्रियाशील 40 टीपीडी एमआरएफ केंद्र का निरीक्षण किया गया। जिसमें संबंधित एजेंसी मेसर्स टीपीएस के प्रतिनिधियों को एमआरएफ केंद्र में कार्यरत सभी कर्मियों की नियमित स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। मधुकम और खादगढ़ा सब्जी मंडी का होगा विकास


