पाली में बदमाशों ने रेस्टोरेंट मालिक को जमकर पीटा। रेस्टोरेंट से खाना खाकर जा रहे बदमाशों से कारोबारी ने बिल पकड़ा दिया। इस पर बदमाशों ने हिस्ट्रीशीटर से बात कराई। विरोध करने पर 5 बदमाशों ने किचन में घुसकर रेस्टोरेंट मालिक की लात-घूंसे और गर्म चम्मच से जमकर पिटाई की। मारपीट में रेस्टोरेंट मालिक का बायां हाथ फ्रैक्चर हो गया और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं। आरोपियों ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। मामला फालना के सांडेराव स्थित ऑनेस्ट रेस्टोरेंट में शनिवार रात करीब 9 बजे का है। घटना के बाद रविवार सुबह व्यापारी संगठनों ने सांडेराव-उदयपुर स्टेट हाईवे जाम कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने व्यापारियों को कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। पुलिस ने 4 बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। पहले देखें हमले से जुड़े PHOTOS शुक्रवार को बहस हुई, शनिवार को साथियों के साथ आया हिस्ट्रीशीटर
होटल मालिक दिनेश पुरी ने बताया- सांडेराव रोड पर उनका ऑनेस्ट रेस्टोरेंट है। शुक्रवार रात पाली थाने के हिस्ट्रीशीटर दिग्विजयसिंह भाटी का साथी रेस्टोरेंट पर खाना खाने आया था। खाना खाने के बाद मैंने बिल के पैसे मांगे तो उसने देने से इनकार कर दिया और दिग्विजय सिंह से फोन पर बात करा दी। इस दौरान रेस्टोरेंट मालिक दिनेश पुरी और दिग्विजय सिंह के बीच फोन पर बहस हो गई। जिसके बाद दिग्विजय सिंह का साथी बिना पैसे दिए ही निकल गया। शनिवार रात करीब 9 बजे दिग्विजय सिंह अपने 4 साथियों के साथ कैम्पर में सवार होकर रेस्टोरेंट पर वापस आया। आते ही दिग्विजय और उसके साथियों ने किचन में रोटी बना रहे दिनेश पुरी पर हमला बोल दिया। लात-घूंसों, गर्म चमचे से मारा
पहले तो आरोपियों ने दिनेश की लात-घूंसों से जमकर पिटाई की। उसके बाद दिनेश की शर्ट फाड़ दी और किचन से गर्म चमचा उठाकर उसकी पीठ पर कई वार किए। बदमाशों ने बीच-बचाव करने आए लोगों से भी गाली-गलौज की। करीब आधा घंटे तक पिटाई करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद घायल दिनेश को पहले फालना के अस्पताल में ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद सुमेरपुर रेफर कर दिया गया। सुमेरपुर के महावीर अस्पताल में दिनेश का इलाज चल रहा है। व्यापारियों ने मुख्य मार्ग पर लगाया जाम
व्यापार संघ पश्चिम क्षेत्र के अध्यक्ष कुणाल पवार ने बताया- घटना से व्यापार संघ में आक्रोश है। रविवार सुबह व्यापार संघ ने सांडेराव-उदयपुर स्टेट हाईवे पर जाम लगाया था। प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की। व्यापारियों ने कड़ी कार्रवाई नहीं होने पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी। चार आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश जारी
प्रदर्शन की सूचना पर फालना पुलिस थाना अधिकारी विक्रम सिंह मौके पर पहुंचे और व्यापारियों को समझाया। उन्होंने बताया कि मारपीट के आरोप में 4 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। मामले में शामिल एक आरोपी अभी फरार है, उसकी तलाश जारी है। सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद घटना का खुलासा किया जाएगा। इसके बाद व्यापारियों ने जाम खोल दिया।


