215 फीट का रावण बनाएगा वर्ल्ड रिकॉर्ड:सोमवार से कोटा का 132वां राष्ट्रीय दशहरा मेला होगा शुरू

कोटा का 132वां राष्ट्रीय दशहरा मेला इस बार कई मायनों में खास रहेगा। इस वर्ष दशहरा मैदान में 215 फीट ऊंचा रावण का पुतला तैयार किया जा रहा है, जो दुनिया का सबसे ऊंचा रावण बनकर रिकॉर्ड कायम करेगा। हरियाणा अंबाला से आए कारीगरों द्वारा बनाए जा रहे इस पुतले को वाटरप्रूफ और फाइबर ग्लास तकनीक से तैयार किया जा रहा है। मेला समिति अध्यक्ष विवेक राजवंशी ने बताया कि इस बार मेले की थीम ‘तिरंगा’ रखी गई है, जो सेना के शौर्य और जवानों की वीरता को समर्पित है। मेला सोमवार शाम 5:30 बजे श्रीराम रंगमंच पर महारास के कार्यक्रम के साथ शुरू होगा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मुख्य अतिथि रहेंगे, जबकि शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, विधायक शांति धारीवाल और संदीप शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। सुबह 9 बजे आशापुरा माताजी की पूजा होगी और रात 8 बजे रामलीला मंचन का शुभारंभ होगा। राजवंशी ने बताया कि 27 सितम्बर को राम बारात का आयोजन होगा, जिसमें विभिन्न मंदिरों की झांकियां, बैंड और सिख युवाओं का गतका प्रदर्शन भी शामिल रहेगा। 2 अक्टूबर को भगवान लक्ष्मीनारायण जी की सवारी गढ़ पैलेस से निकलेगी और मैदान पहुंचने पर रावण, कुंभकरण व मेघनाद के पुतले दहन होंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में 6 अक्टूबर को ‘एक शाम शहीदों के नाम’ में रूप कुमार राठौड़, 13 अक्टूबर को भोजपुरी कलाकार अक्षरा सिंह, 14 अक्टूबर को जया किशोरी का मोटिवेशनल कार्यक्रम, 15 को बी प्राक और 16 को सुनंदा शर्मा प्रस्तुति देंगी। इसके साथ ही ड्रोन शो, लाइट एंड साउंड शो, झूलों की विविधता, रामायण झलक वाले नियो साइन, प्रतियोगिताएं और भजन संध्याएं मेले की विशेषताएं होंगी। 17 अक्टूबर को भव्य आतिशबाजी और सांस्कृतिक संध्या के साथ मेले का समापन होगा। राजवंशी ने कहा कि इस बार सफाई, पार्किंग और सुरक्षा पर विशेष ध्यान रखा गया है ताकि श्रद्धालु और दर्शक पूरे आनंद और सुरक्षित माहौल में मेले का लुत्फ उठा सकें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *