भीलवाड़ा | हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड ने भारत कोकिंग कोल लिमिटेड धनबाद में आयोजित 53वीं अखिल भारतीय खान बचाव प्रतियोगिता में 11 प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त किए। कार्यक्रम में देश की 32 टीमों ने भाग लिया। हिंदुस्तान जिंक की रामपुरा-आगूंचा खदान की पुरुष टीम ने ओवरऑल मेटल माइंस श्रेणी में शीर्ष स्थान प्राप्त किया। यह प्रतियोगिता में कंपनी की लगातार तीसरी जीत है। हिंद जिंक रामपुरा- आगूंचा क्लस्टर, राजपुरा दरीबा कॉम्प्लेक्स और जावर ग्रुप ऑफ माइंस की दो अग्रणी महिला टीम और दो पुरुष टीमों ने प्रतियोगिता में भाग लिया। पहली महिला भूमिगत खदान बचाव टीम का अनुसरण कर हिन्दुस्तान जिंक की रामपुरा- आगूंचा क्लस्टर की दूसरी महिला बचाव टीम ने महिला वर्ग में दूसरा स्थान प्राप्त किया। इससे पहले पहली महिला टीम ने प्रतियोगिता के 52वें संस्करण में शीर्ष स्थान प्राप्त किया था। वर्ष की शुरुआत में हिन्दुस्तान जिंक की महिला बचाव टीम ने कोलंबिया में अंतर्राष्ट्रीय खान बचाव प्रतियोगिता में महिला टास्क फोर्स श्रेणी में दूसरा स्थान हासिल किया।


