झालावाड़ जिले के अकलेरा कस्बे में खारपा रोड पर यातायात की गंभीर समस्या ने स्थानीय निवासियों की परेशानी बढ़ा दी है। नेशनल हाईवे-52 से जुड़े इस मार्ग पर लगी जालियों के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। जिससे हादसों का खतरा भी बढ़ गया है। इस मार्ग पर आईटीआई, देवनारायण छात्रावास, स्कूल और कोचिंग संस्थान हैं। साथ ही रेलवे का हाई-लेवल ब्रिज का निर्माण कार्य भी चल रहा है। जिससे भारी वाहनों का आवागमन लगातार बना रहता है। एसबीआई बैंक होने से इस मार्ग पर लोगों की आवाजाही लगी रहती है। स्थानीय निवासियों के अनुसार यह सड़क खारपा और परपती गांव के लोगों के साथ-साथ अकलेरा कस्बे की खारपा रोड पर स्थित सभी कॉलोनियों का एकमात्र लिंक रोड है। आकाशवाणी कॉलोनी के निवासी ओमप्रकाश मीणा, एडवोकेट कंवरलाल मीना, कमलेश सोनी और सूरजमल मीना सहित अन्य लोगों ने इस समस्या को लेकर एसडीएम को लिखित शिकायत भी दी है। स्थानीय लोगों की मांग है कि हाईवे अथॉरिटी तुरंत कार्रवाई करते हुए जालियों को हटाकर एक उचित चौराहा बनाए। जिससे यातायात सुचारू हो सके और लोगों को राहत मिल सके। अभी तक इस समस्या का कोई समाधान नहीं होने के कारण स्थिति और भी गंभीर होती जा रही है।


