आतंकी संगठन सिख फॉर जस्टिस (SFJ) के प्रमुख गुरपतवंत सिंह पन्नू का एक नया वीडियो सामने आया है। जिसमें उसने 26 जनवरी को लेकर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को धमकी दी। पन्नू ने वीडियो में दावा किया है कि खालिस्तानी समर्थक होशियारपुर पहुंच चुके हैं और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान उनके निशाने पर हैं। बता दें कि मुख्यमंत्री 26 जनवरी को होशियारपुर में तिरंगा फहराएंगे। सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में पन्नू ने 26 जनवरी से 29 जनवरी तक आम लोगों को ट्रेन से दिल्ली की यात्रा न करने की चेतावनी दी है। उसने अमृतसर, लुधियाना और फिरोजपुर से दिल्ली जाने वाली रेल सेवाओं का खास तौर पर जिक्र किया। उसने दावा किया कि भारत सरकार देश के अलग-अलग इलाकों में धमाके करवा सकती है। वीडियो के लास्ट में पन्नू ने कहा कि 29 जनवरी को दिल्ली के विजय चौक पर खालिस्तानी झंडा फहराया जाएगा। वीडियो सामने आने के बाद केंद्रीय और राज्य स्तर की सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। मामले की जांच की जा रही है।


