खिताब जीतने के इरादे से उतरेगी सूरमा हॉकी क्लब

पिछले सीजन में शानदार प्रदर्शन के बावजूद फाइनल में खिताब से चूकने वाली जेएसडब्लू सूरमा हॉकी क्लब इस बार विमेंस हीरो हॉकी इंडिया लीग (एचआईएल) 2025-26 में एक कदम आगे जाने के इरादे से मैदान में उतरेगी। अंक तालिका में शीर्ष पर रहते हुए भी ट्रॉफी से दूर रहना टीम के लिए सबसे बड़ा सबक रहा है, और यही अनुभव इस बार उन्हें और मजबूत बनाता दिख रहा है। टीम की सबसे बड़ी ताकत उसका नेतृत्व है। दिग्गज गोलकीपर सविता और भारतीय टीम की कप्तान सलीमा टेटे एक बार फिर सह-कप्तान की भूमिका में टीम का नेतृत्व करेंगी। हाल ही में 300 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने का कीर्तिमान बनाने वाली सविता पिछले सीजन ‘गोलकीपर ऑफ द टूर्नामेंट’ रहीं थीं। गोलपोस्ट के बीच उनकी मौजूदगी सूरमा हॉकी क्लब को बड़ा आत्मविश्वास देती है। उनके साथ जूनियर भारतीय टीम की पहली पसंद गोलकीपर निधि भी होंगी, जिन्होंने हाल ही में चिली में हुए जूनियर वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन किया था। मिडफील्ड की धुरी सलीमा टेटे : मिडफील्ड की कमान भारतीय कप्तान सलीमा टेटे के हाथों में होगी। उनकी ऊर्जा, गेम कंट्रोल और लीडरशिप टीम के खेल की दिशा तय करेगी। उनके साथ वैष्णवी विट्ठल फाल्के, बलजीत कौर, अजमीना कुजूर, बिनीमा धान, हिना बानो और जूनियर खिलाड़ी निशा शामिल हैं। इसके अलावा ग्रेट ब्रिटेन की सारा रॉबर्टसन, उरुग्वे की डुपुई और अर्जेंटीना की जिमेना सेद्रेस टीम को अंतरराष्ट्रीय अनुभव देंगी। वीमेंस हीरो हॉकी इंडिया लीग 2025-26 में श्राची राढ़ बंगाल टाइगर्स एक बार फिर मजबूत इरादों के साथ उतरने को तैयार है। लीग के पहले संस्करण में तीसरे स्थान पर रहने वाली यह टीम 28 दिसंबर से शुरू हो रहे दूसरे सीजन में खिताब जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान में कदम रखेगी। श्राची राढ़ बंगाल टाइगर्स ने ऑक्शन से पहले सुशीला चानू पुखरामबम, महिमा चौधरी और जेनिफर रिजो को रिटेन कर एक मजबूत कोर तैयार किया है। इसके बाद मिनी ऑक्शन में टीम ने बड़ा दांव खेलते हुए अर्जेंटीना की स्टार खिलाड़ी अगुस्तिना गोरजेलानी को 42 लाख रुपए में खरीदा, जो टूर्नामेंट की सबसे महंगी खिलाड़ी रहीं। वहीं, 15 लाख रुपए में मोनिका को शामिल कर टीम ने सबसे महंगी भारतीय खिलाड़ी भी अपने नाम की।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *