झारखंड राज्य थ्रोबॉल संघ द्वारा चयनित सब जूनियर बालक एवं बालिका टीम 26 से 28 दिसंबर तक उत्तर प्रदेश के वाराणसी में आयोजित होने वाली 33वीं सब जूनियर राष्ट्रीय थ्रोबॉल प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए रवाना हो गई। टीम के प्रस्थान के साथ ही राज्य में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीदें भी जुड़ गई हैं। राष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारी को लेकर झारखंड राज्य थ्रोबॉल संघ द्वारा पांच दिवसीय विशेष प्रिपरेशन कैंप का आयोजन किया गया था। सब जूनियर बालिका टीम का प्रशिक्षण शिविर पूर्वी सिंहभूम जिले के पटमदा में, जबकि बालक टीम का शिविर चतरा जिले के सिमरिया में संपन्न हुआ। प्रशिक्षण के दौरान खिलाड़ियों के प्रदर्शन, फिटनेस और तकनीकी दक्षता के आधार पर अंतिम टीम का चयन किया गया। झारखंड राज्य थ्रोबॉल संघ के अध्यक्ष वेदांत कौस्तव ने चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि झारखंड के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह सब जूनियर टीम भी आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर राज्य का नाम रोशन करेगी। बालक एवं बालिका वर्ग की चयनित टीम सब जूनियर बालक वर्ग की टीम में विशाल कुमार, ओम कुमार, आलोक कुमार, रितेश कुमार, रवि कुमार, सन्नी कुमार, विक्रम कुमार, इंद्रजीत कुमार यादव, अखिलेश कुमार, वीर प्रताप सिंह, अयान राशिद, फरीद अनवर, प्रदीप महतो और मोहम्मद शाह आलम शामिल हैं। वहीं सब जूनियर बालिका वर्ग में पिंकी कुमारी, संध्या कुमारी, चांदनी कुमारी, निशु प्रिया, ललिता बास्की, पूर्णिमा मुर्मू, परमिला टुडू, सुमित्रा हेम्ब्रम, सुमिता सोरेन, रमनी हांसदा, प्रमिला सोरेन, मालाबती टुडू, सुनिया हांसदा, चुरामणि टुडू और प्रतिमा मुर्मू को टीम में जगह मिली है।


