खिलचीपुर की गौशाला में तीन गायों की मौत:शवों को कुत्ते-कौवे नोचते रहे, पशु चिकित्सक बोले- कुत्ते जिंदा गोवंश को खा रहे

राजगढ़ के खिलचीपुर जिले की श्रीकृष्ण गौशाला में शुक्रवार को तीन गायों की मौत हो गई। मृत गोवंश के शव को कुत्तों और कौवों नोचते हुए दिखे। गौशाला में एक गाय गंभीर हालत में घंटों तक तड़पती रही। गोवंश की खराब स्थिति और सुरक्षा की कमी के चलते स्थानीय पशु चिकित्सक ने संचालन पर सवाल उठाए हैं। प्रशासन अब नोटिस जारी करने और समिति भंग करने तक के कदम पर विचार कर रहा है। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 7 बजे दैनिक भास्कर की टीम जब गौशाला पहुंची, तो तीन गायों के शव अलग-अलग जगहों पर पड़े मिले। एक गाय का शव कुत्तों ने नोच लिया था, वहीं कौवे उसे नोच रहे थे। गौशाला मैदान में एक अन्य गाय गंभीर अवस्था में तड़प रही थी। उसकी आंख से खून बह रहा था और पूंछ के पास पक्षियों ने बुरी तरह नोच रखा था। गौशाला रजिस्टर के अनुसार यहां 400 से अधिक गायें दर्ज हैं, लेकिन सीमित संसाधन, निगरानी की कमी और सुरक्षा इंतजाम न होने से हालत लगातार बिगड़ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि यह पहला मामला नहीं है। पहले भी मृत गोवंश के शवों को कुत्ते और पक्षियों ने नोचा, लेकिन हर बार मामले को नजरअंदाज किया गया। पशु चिकित्सक बोले- कुत्ते जिंदा गोवंश को खा रहे पशु चिकित्सक डॉ. मधुसूदन शाक्य ने गौशाला प्रबंधन पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कुत्ते जिंदा बीमार मवेशियों को भी नोच लेते हैं। उपचार के दौरान रखे गए गोवंश तक कुत्ते पहुंच जाते हैं। बीमार गोवंश के लिए बनाया गया पिंजरा-नुमा कमरा भी सुरक्षित नहीं है। डॉ. शाक्य ने बताया कि दो दिन पहले भी एक गाय को कुत्ते नोच चुके थे। उन्होंने कहा कि कई बार चेतावनी देने के बावजूद प्रबंधन ने कोई सुधार नहीं किया। नोटिस की तैयारी, संचालन समिति भंग होने के आसार डॉ. शाक्य ने स्पष्ट कहा कि गौशाला की व्यवस्थाएं बेहद खराब हैं और पशु विभाग व शासन की गाइडलाइन का पालन नहीं किया जा रहा। अब गौशाला को नोटिस जारी किया जाएगा और उच्च अधिकारियों से चर्चा कर आगे की कार्रवाई तय होगी। हालात नहीं सुधरे तो गौशाला संचालन समिति को भंग करने तक की कार्रवाई प्रस्तावित की जा सकती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *