बड़वानी में पौष अमावस्या के अवसर पर शुक्रवार को राजघाट स्थित रोहिणी तीर्थ पर श्रद्धालुओं का भारी जमावड़ा रहा। सुबह से ही नर्मदा नदी में स्नान करने वालों का तांता लगा रहा। दोपहर 12 बजे तक करीब 5000 से अधिक श्रद्धालुओं ने नर्मदा नदी में डुबकी लगाई। श्रद्धालुओं ने नर्मदा तट पर स्थित नर्मदा मंदिर और शिव मंदिर में दर्शन किए। लोगों ने नर्मदा घाट किनारे बैठे साधु-संतों और परिक्रमावासियों को अन्न और फल दान किए। इस दौरान ‘नर्मदे हर’ के जयकारे गूंजते रहे। श्रद्धालु ओम शर्मा ने बताया कि वह परिवार के साथ सुबह से ही राजघाट पर स्नान, दान, पूजन और धार्मिक अनुष्ठान कर रहे हैं। मंदिर समिति के अनुसार, पौष अमावस्या पर यहां बड़ी संख्या में भक्त पितरों के तर्पण व दान-पुण्य के लिए आते हैं। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था के लिए व्यापक इंतजाम किए थे। सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात किया गया था। बड़े और दोपहिया वाहनों को पार्किंग के लिए नर्मदा घाट के समीप लगे बेरीगेट पर खड़ा करवाया गया। यह परंपरा आत्मिक शुद्धि और सद्भाव का प्रतीक है, जिसमें बड़ी संख्या में लोग ठंड के बावजूद उत्साह से भाग लेते हैं।


