खिलचीपुर नगर परिषद CMO और उपयंत्री निलंबित:22 फाइलें जब्त, गुणवत्ता में अनियमितताएं मिलीं

राजगढ़ जिले की खिलचीपुर नगर परिषद में घटिया निर्माण कार्यों की शिकायतों पर बड़ी कार्रवाई की गई है। जांच में अनियमितताएं पाए जाने के बाद गुरुवार को तत्कालीन मुख्य नगरपालिका अधिकारी (CMO) अशोक पांचाल और उपयंत्री अमृत बघेला को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई कलेक्टर द्वारा गठित जांच दल की रिपोर्ट के आधार पर की गई। कलेक्टर ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) खिलचीपुर, कार्यपालन यंत्री (PWD) राजगढ़ और परियोजना अधिकारी, जिला शहरी विकास अभिकरण को शामिल कर एक जांच दल का गठन किया था। इस दल ने 26 नवंबर 2024 को नगर परिषद कार्यालय का दौरा किया। जांच के दौरान, टीम ने 22 महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों से संबंधित फाइलें जब्त कीं और उन्हें राजगढ़ भेज दिया। इन कार्यों की गुणवत्ता पर कई महीनों से सवाल उठ रहे थे। जांच दल की रिपोर्ट में सामने आया कि पिछले वर्षों में हुए कई निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं थे। इनमें गुणवत्ता की कमी, अपूर्ण कार्य और माप में अनियमितताएं पाई गईं। कलेक्टर की अनुशंसा पर दोनों अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया। निलंबन अवधि के दौरान अशोक पांचाल का मुख्यालय उज्जैन और अमृत बघेला का मुख्यालय भोपाल रहेगा। और भी फाइलें खोली जा सकती हैं
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई केवल प्रारंभिक चरण है। नगर परिषद में पिछले वर्षों में हुए अन्य निर्माण कार्यों की भी विभिन्न स्तरों पर जांच जारी है। संभावना है कि आने वाले समय में और भी फाइलें खोली जा सकती हैं और अन्य जिम्मेदार अधिकारियों पर भी कार्रवाई हो सकती है। नगर परिषद में लंबे समय से उठ रहे सवालों और उपाध्यक्ष और जनप्रतिनिधियों की शिकायतों के बाद हुई इस कार्रवाई को नगर में पारदर्शिता और जवाबदेही की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *