खिलचीपुर में नवरात्रि का भव्य समापन, गूंजे जयकारे:नगरभर में झांकियां, चल समारोह और गाड़गंगा नदी में प्रतिमाओं का विसर्जन

राजगढ़ जिले के खिलचीपुर नगर में बुधवार रात नवरात्रि का भव्य समापन हुआ। नगर के प्रमुख चौक-चौराहों और गलियों में जगह-जगह झांकियां सजाई गईं। बड़ी संख्या में भक्त उपस्थित रहे और मां दुर्गा की प्रतिमाओं की पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ देवी की भक्ति में डूबकर पूरे नगर को भक्तिमय रंग में रंग दिया। पूजा-अर्चना के बाद प्रतिमाओं को विधिवत गाड़गंगा नदी पर विसर्जन के लिए ले जाया गया। इस अवसर पर नगर में भव्य चल समारोह निकाला गया, जिसमें युवा ढोल-नगाड़ों की थाप पर नृत्य करते और जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। इस बार विसर्जन के लिए नदी किनारे जल मंदिर और नहारदा मंदिर घाट बनाए गए थे। बड़ी प्रतिमाओं को क्रेन की मदद से नदी में सुरक्षित रूप से ले जाकर विसर्जित किया गया। श्रद्धालुओं ने देर रात तक नदी तट पर देवी की आराधना की और उत्सव का हिस्सा बने। सुभाष चौक पर मित्र मंडल द्वारा मां कालिका की प्रतिमा की आरती का आयोजन किया गया। आरती के बाद पूड़ी-सब्जी का भंडारा हुआ, जिसमें स्थानीय और दूर-दूर से आए श्रद्धालु शामिल हुए। नगरवासियों ने कहा, “यह सिर्फ परंपरा नहीं, बल्कि मां दुर्गा से जुड़ाव और आस्था का जीवंत रूप है। पूरे नगर में भक्ति और उल्लास का माहौल देखने लायक था।” पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए। नदी तट पर पूरी रात पुलिसकर्मी तैनात रहे, ताकि आयोजन व्यवस्थित और सुरक्षित ढंग से संपन्न हो सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *