राजगढ़ जिले के खिलचीपुर के वार्ड क्रमांक 13 में बनी 4 फीट गहरी नाली स्थानीय लोगों के लिए खतरा बन गई है। बुधवार रात एक गाय इसी नाली में गिर गई, सुबह तक उसकी मौत हो गई। गुरुवार को जब लोगों की नजर नाली में पड़े शव पर पड़ी, तो वार्ड में आक्रोश फैल गया। सूचना मिलने पर नगर परिषद के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और मृत गाय को बाहर निकालकर वाहन में ले गए। वार्डवासी इसे एक अकेली मौत नहीं मानते। उनका कहना है कि पिछले एक वर्ष में मवेशियों की यह दसवीं मौत है, फिर भी नाली को ढंकने या सफाई का कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किया गया। वार्डवासी शिवलाल मालाकार ने कहा कि हमारे वार्ड में इस गहरी नाली के कारण बार-बार हादसे हो रहे हैं। हमने CMO, दरोगा, मेट और पार्षद सभी को कई बार बताया, मगर कोई सुनवाई नहीं हुई। 181 पर भी कई शिकायतें की हैं, पर आज तक एक अधिकारी भी यह देखने नहीं आया कि इतनी गहरी नाली क्यों बनाई गई और इसे ढंका क्यों नहीं गया। सफाई भी महीनों तक नहीं होती। उन्होंने कहा कि नाली इतनी गहरी है कि एक बार मवेशी या इंसान गिर जाए तो बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है। महिलाओं की चिंता- बच्चों की सुरक्षा खतरे में वार्ड की महिलाएँ भी बेहद चिंतित हैं। उनका कहना है कि हमारे छोटे बच्चे खेलते-खेलते कई बार नाली के पास पहुंच जाते हैं। डर लगा रहता है कि कहीं कोई बच्चा फिसलकर नीचे न गिर जाए। पहले ही इतने हादसे हो चुके हैं, अब किसी इंसान के साथ घटना न हो इसलिए हमें तुरंत कार्रवाई चाहिए। लोगों की मांग- नाली ढके, सफाई और निरीक्षण नियमित हो स्थानीय लोग मांग कर रहे हैं कि नाली को तत्काल ढंका जाए, नियमित सफाई की व्यवस्था हो और वार्ड में निरीक्षण कर सुरक्षा के पुख्ता उपाय किए जाएं। उनका कहना है कि जब तक नगरपालिका ठोस कदम नहीं उठाती, यह नाली किसी भी दिन बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है।


