भास्कर न्यूज| सरायकेला सकलाडीह- पानारोल में आयोजित एक दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला परिषद सदस्य, गम्हरिया शंभू मंडल ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित शंभू मंडल ने फुटबॉल को किक मारकर तथा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर टूर्नामेंट का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण, खेल प्रेमी और युवा खिलाड़ी मौजूद रहे। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए शंभू मंडल ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि खेल को खेल भावना के साथ खेलना चाहिए। जीत-हार खेल का हिस्सा है, लेकिन खिलाड़ी अपनी मेहनत, अनुशासन और प्रतिभा के बल पर बेहतर प्रदर्शन करने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण स्तर पर इस तरह की प्रतियोगिताएं बेहद जरूरी हैं, क्योंकि इससे गांवों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिलता है और युवाओं को सकारात्मक दिशा मिलती है। मैच के दौरान खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। पूरे दिन प्रतियोगिता को लेकर उत्साह का माहौल बना रहा। आयोजन को सफल बनाने में स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों की अहम भूमिका रही।इस एक दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन टुकलू मार्डी, घाशी राम सोरेन, श्याम चंद टुडू, मंगला लोहार एवं सोना राम सोरेन के नेतृत्व में किया गया।


