नागौर जिले के पांचोड़ी थाना क्षेत्र स्थित भेड़ गांव में शातिर बदमाशों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। बदमाशों ने भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के एटीएम को गैस कटर से काटकर उसमें रखे 12 लाख रुपये से अधिक की भारी-भरकम राशि लूट ली। घटना रात करीब दो बजे के आसपास की बताई जा रही है, जिसका पता बाजार खुलने के बाद स्थानीय लोगों को चला, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। शटर के ताले तोड़ गैस कटर से काटा एटीएम जानकारी के मुताबिक, शातिर बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने के लिए पहले एटीएम सेंटर के शटर के ताले तोड़े। भीतर प्रवेश करने के बाद, उन्होंने गैस कटर का उपयोग कर पूरी एटीएम मशीन को काट डाला और उसमें मौजूद सारा कैश निकाल लिया। लूट के बाद बदमाशों ने सबूत मिटाने के इरादे से एटीएम मशीन के अंदर आग भी लगा दी थी। सूत्रों के हवाले से यह भी खबर आ रही है कि बदमाश अपने साथ घटनास्थल का डीवीआर (डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर) भी लेकर फरार हो गए हैं। सुरक्षा में चूक : रात में कोई गार्ड नहीं बताया जा रहा है कि एटीएम की सुरक्षा के लिए दिन में गार्ड तैनात रहता था, लेकिन वह रात को 11 बजे शटर बंद करके ताले लगाकर अपने घर चला जाता था। बदमाशों ने इसी बात का फायदा उठाकर रात दो बजे के आसपास घटना को अंजाम दिया। ASP नागौर आशाराम पहुंचे मौक़े पर मामले की गंभीरता को देखते हुए, सूचना मिलते ही पांचोड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुँची और घटनास्थल का जायजा लिया। इसके बाद नागौर ASP आशाराम भी मौके पर पहुँचे। ASP आशाराम ने जानकारी देते हुए बताया कि टेक्निकल टीमों को बुलाया गया है। उनके आने के बाद ही सीसीटीवी फुटेज की स्थिति का पता चल पाएगा। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल बदमाशों की संख्या और उनके द्वारा उपयोग किए गए वाहन की जानकारी भी फुटेज मिलने के बाद ही सामने आ पाएगी। बहरहाल पुलिस मामले की जांच मे जुट गई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।


