भास्कर न्यूज | जशपुरनगर जिले के चौकी सोनक्यारी क्षेत्रांतर्गत ग्राम सरडीह में ईब नदी से मिले व्यक्ति के शव के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस को 20 जनवरी को ग्राम सरडीह के पास ईब नदी में एक वृद्ध का शव मिलने की सूचना मिली थी। चौकी सोनक्यारी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की, जिसमें मृतक की पहचान रामचंद्र राम (60 वर्ष) निवासी ग्राम सरडीह के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर और शरीर पर चोट के निशानों के आधार पर मृत्यु का कारण हत्यात्मक पाया गया, जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को एक ट्रैक्टर चालक से अहम सुराग मिला। चालक ने बताया कि घटना की शाम वह स्वयं, रामचंद्र और सुबोध बेक ईब नदी के पास साथ बैठकर शराब पी रहे थे। चालक के जाने के बाद रामचंद्र और सुबोध अकेले रह गए थे। इस आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी सुबोध बेक (28 वर्ष) को हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि शराब के नशे में उनके बीच मामूली विवाद हुआ, जिससे आक्रोशित होकर उसने रामचंद्र के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की, जिससे वृद्ध की मौत हो गई। अपराध स्वीकारोक्ति और पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी सुबोध बेक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में एसडीओपी बगीचा दिलीप कुमार कोसले, थाना प्रभारी सन्ना संतोष सिंह और चौकी प्रभारी वैभव सिंह की सराहनीय भूमिका रही।


