शनिवार की रात तामिया के आदिवासी अंचल मोयापानी में नजारा कुछ अलग था। यहां खुले आसमान के नीचे जलते अलाव के पास कलेक्टर हरेंद्र नारायन ग्रामीणों के बीच जमीन पर बैठे नजर आए। कलेक्टर ने सहज माहौल में रात्रि चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही अधिकारियों को निराकरण के निर्देश दिए। चौपाल में ग्रामीणों ने सबसे बड़ी समस्या बिजली के कम वोल्टेज की बताई। इस पर कलेक्टर ने बिजली विभाग के अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि रविवार (आज) को ही गांव में नया ट्रांसफॉर्मर लगाया जाए, ताकि समस्या खत्म हो सके। ग्रामीणों ने स्टॉप डैम की मांग की, जिस पर ग्रामीण विकास विभाग को नाले का निरीक्षण कर प्रस्ताव बनाने को कहा गया। पर्यटन ग्राम बना मोयापानी, चल रहे 5 होमस्टे
मोयापानी गांव अब ‘पर्यटन ग्राम’ के रूप में विकसित हो रहा है। कलेक्टर ने जाना कि यहां ग्रामीणों ने पर्यटन विभाग की योजना के तहत 5 होमस्टे शुरू किए हैं। उन्होंने इस पहल की सराहना की और ग्रामीणों का उत्साह बढ़ाया। ये अधिकारी रहे मौजूद
कलेक्टर के साथ जिला पंचायत CEO अग्रिम कुमार, एसडीएम कामनी ठाकुर, तहसीलदार उमराज सिंह वारले और जनपद CEO सहित अन्य अधिकारी भी देर रात तक गांव में मौजूद रहे।


