मंदसौर शहर के गोल चौराहा के पास स्थित राधा कृष्ण मेडिकल स्टोर में शनिवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई। मेडिकल संचालक पंकज पाटीदार रात करीब 9 बजे दुकान बंद करके घर पहुंचे थे, तभी कुछ देर बाद उन्हें दुकान में आग लगने की जानकारी मिली। आसपास के रहवासियों ने धुआँ और लपटें उठते देख फायर ब्रिगेड को सूचित किया जिसके बाद दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। हालांकि आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कुछ ही मिनटों में पूरे मेडिकल की दवाइयां जलकर खाक हो गईं। मेडिकल संचालक के अनुसार इस हादसे में लगभग 5 लाख रुपए के नुकसान की आशंका है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची है और घटना की जांच की जा रही है।


