भास्कर न्यूज|बारां जिले में खुले बोरवेलों से हो रही संभावित दुर्घटनाओं को रोकने के लिए कलेक्टर रोहिताश्व सिंह तोमर के निर्देशानुसार अभियान के पहले दिन व्यापक कार्रवाई की गई। प्रशासनिक टीम ने तत्परता दिखाते हुए जिले के खुले बोरवेलों को चिंहित कर उन्हें तत्काल प्रभाव से बंद करना शुरू कर दिया है। कलेक्टर ने बताया कि राज्य में बहुतायत खुले एवं परित्यक्त बोरवेल, ट्यूबवेल में छोटे बच्चों के गिरने की घातक दुर्घटनाओं को देखते हुए इनकी रोकथाम एवं प्रबंधन की दृष्टि से मुख्यमंत्री द्वारा सभी खुले बोरवेल, ट्यूबवेल, कुएं को तत्काल प्रभाव से बंद कराने के निर्देश दिए है। कलेक्टर ने कहा कि विशेष सघन अभियान के तहत संबंधित विभागों को सख्त निर्देश दिए कि खुले बोरवेलों को सील करने का कार्य प्राथमिकता से किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अपने क्षेत्र में खुले बोरवेल की जानकारी तुरंत प्रशासन को दें। इस पहल से जिले में संभावित हादसों को रोकने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि अभियान सतत रूप से जारी रहेगा ताकि जिले में किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके। प्रशासन की इस कार्रवाई से नागरिकों में संतोष और सुरक्षा की भावना उत्पन्न होगी। जिले में 2 जनवरी तक विशेष सघन अभियान चलाकर उपखंड क्षेत्र की प्रत्येक ग्राम पंचायत के माध्यम से खुले बोरवेल, ट्यूबवेल, कुएं को बंद कराना, बिना मुंडेर वाले कुएं (सूखे या पानी युक्त) का उचित ढ़कान या चारदीवारी कराना सुनिश्चित किया जाएगा। इस कार्य को प्रभावी ढ़ग से कराने के लिए उपखंड अधिकारी समस्त को नोडल अधिकारी तथा विकास अधिकारी, पंचायत समिति को सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त कर निर्देश दिए है। साथ ही विकास अधिकारी, संबंधित ग्राम पंचायत को आवश्यकतानुसार संसाधन उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे। उपखंड अधिकारी समस्त खुले बोरवेल, ट्यूबवेल, कुएं को बंद कराने की कार्रवाई के बाद 3 जनवरी प्रमाण पत्र प्रस्तुत करेंगे कि उपखंड क्षेत्र में खुले बोरवेल, कुएं नहीं रहे है।


