भास्कर न्यूज | जांजगीर शिवरीनारायण-बिर्रा मुख्य मार्ग पर डस्ट खुले में डंप किए जाने के विरोध में ग्रामीणों ने गुरुवार को चक्काजाम किया। ग्रामीणों का कहना है कि खुले में उड़ रही डस्ट से स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों और गांव के लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ रहा है। पास के तालाब में भी हवा के साथ राख जाकर जमा हो रही है, जिससे निस्तारी का पानी प्रदूषित हो रहा है। इसी समस्या को लेकर सुबह 9 बजे से बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर उतर आए। किसानों ने नारे लिखे पोस्टर और तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया। चक्काजाम के कारण भारी वाहनों और आम नागरिकों का आवागमन देर शाम तक ठप रहा। ग्रामीणों ने मांग की कि डस्ट डंप करने वाले भारी वाहनों पर रोक लगाई जाए और डंप की गई राख को बाढ़ग्रस्त तथा वाटर रिचार्ज क्षेत्र से हटाकर संबंधित कंपनी परिसर में रखा जाए। स्कूल के प्लेग्राउंड को पूर्व स्थिति में बहाल करने, स्कूल की सीमा दीवार सहित प्रभावित सभी संरचनाओं का निर्माण कराने, तथा ग्रामीण विकास योजना के तहत बने तालाब, सड़क और फूलों को हुई क्षति की मरम्मत कर पुनर्निर्माण की मांग की गई। मुख्य सड़क से गांव को जोड़ने वाली सड़क पर भारी वाहनों की आवाजाही से हुई क्षति की भी शीघ्र मरम्मत की मांग की गई। ग्रामीणों ने कहा कि खेल मैदान, चारागाह और प्राकृतिक नाला क्षेत्र में डंप की गई डस्ट को हटाकर इन स्थानों को पूर्व स्थिति में बहाल किया जाए।


