भास्कर न्यूज | नर्मदा ग्राम मरदकठेरा निवासी ललिता साहू (45 वर्ष) पति राघव साहू की शुक्रवार को सुबह करीब 8:30 बजे सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। महिला अपने घर से मुख्य सड़क किनारे स्थित खेत की ओर जा रही थी। इसी दौरान धमधा-दुर्ग मार्ग पर तेज रफ्तार आ रहे अज्ञात मोटर साइकिल चालक ने धोधा चौक के आगे कालेगोंदी के पास महिला को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की तीन बेटियां और एक बेटा है। वह खेती किसानी का काम करती थी। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। थाना प्रभारी राजेश देवदास ने बताया कि अज्ञात बाइक चालक मुख्य चौक से कवर्धा की ओर जाते हुए सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दिया है, हालांकि तस्वीर स्पष्ट नहीं है, अभी जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही आरोपी का खुलासा होगा।


