खेत में खाना ले जा रही युवती की हत्या, आरोपी की भी मौत

भरतीपुर गांव में सोमवार दोपहर दिल दहला देने वाली घटना हुई। खेत में पिता को खाना देने जा रही 20 साल की शिवानी की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। आरोपी गांव का ही 25 साल का युवक प्रकाश सिंह भिलाड़ा था। वारदात के कुछ देर बाद उसी युवक की लाश भी संदिग्ध हालत में घोघरा नदी के पास मिली। पुलिस के मुताबिक शिवानी रोज की तरह दोपहर में खेत की ओर जा रही थी। रास्ते में प्रकाश ने उसे रोका। जबरन सुनसान जगह ले जाने की कोशिश की। विरोध करने पर उसने धारदार हथियार से हमला कर दिया। शिवानी की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी भाग गया। घटना की खबर मिलते ही गांव में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण आरोपी की तलाश में निकल पड़े। कुछ ही देर बाद कमरोरा क्षेत्र की घोघरा नदी के पास उसका शव मिला। युवक की मौत कैसे हुई, यह साफ नहीं है। पुलिस हत्या, हादसा या अन्य कारणों की जांच कर रही है। थाना प्रभारी संतोष सिंह ठाकुर ने बताया, युवती के साथ जबरदस्ती की कोशिश हुई थी। विरोध करने पर उसकी हत्या की गई। आरोपी की मौत की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है। गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है। हत्या के मामले में 5 लोगों को हिरासत में लिया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *