खेत में बने बाड़े से चोरी हुआ 10 क्विंटल सोयाबीन:किसान बोला- बारिश से बचाई फसल, भावांतर में देना थी; ताला तोड़कर चोर ले गए

खंडवा में एक किसान के बाड़े में रखी सोयाबीन की उपज चोरी हो गई। दो दिन पहले ही किसान ने थ्रेसर बुलवाकर फसल निकलवाई थी। नमी होने पर फिर दिनभर धूप में सुखाई और शाम को कमरे में रख दी। अगले दिन खेत पहुंचा और बाड़े तरफ गया तो कमरे के ताले टूटे हुए मिले। 20 बोरियों में 10 क्विंटल से ज्यादा सोयाबीन थी, जिसे चोर चुराकर ले गए। मामला छैगांवमाखन का है, इंदौर हाईवे पर ब्रिज के पास प्रदीप पिता हरेसिंह तंवर का खेत है। खेत में ही मवेशियों के बाड़ा बना हुआ है। इसी बाड़े में एक कमरा उपज रखने के लिए है। थाने पहुंचे किसान प्रदीप के मुताबिक, शनिवार को खेत में सोयाबीन फसल निकाली थी। पांच एकड़ में महज 10 क्विंटल की पैदावार हुई थी। सोयाबीन में नमी थी, इसलिए एक दिन धूप खिलाने के बाद रविवार शाम को बोरियों में भरकर सोयाबीन कमरे में रख दी थी। कमरे पर ताला लगा दिया था। भावांतर में देना थी, चोर ले गए सोयाबीन प्रदीप के अनुसार, सोयाबीन बेचने के लिए वह भावांतर में पंजीयन कराने वाला था। भावांतर स्कीम के तहत खरीदी शुरू होने के बाद वह फसल बेचने वाला था। ताकि उत्पादन न मिला तो कम से कम भाव तो ठीक मिल जाए। लेकिन किसान जाए तो कहां जाए, पहले फसल को सूखे से बचाई, फिर बारिश से और जाे कुछ फसल निकली, उसे चोर ले गए। ताला नहीं टूटा तो बदमाशों ने दरवाजे के नकूचे को कटर मशीन से काट दिया है। पुलिस से शिकायत की है, चोरी की वारदात को जल्द ट्रेस किया जाए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *