भास्कर न्यूज | इटखोरी भद्रकाली महाविद्यालय में 26 फरवरी से आयोजित तीन दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता के दूसरे दिन शुक्रवार को क्रिकेट और बैडमिंटन टीमों का जलवा रहा। इसकी अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ दुलार हज्जाम ने की। कार्यक्रम का प्रारंभ मुख्य अतिथि डॉक्टर रंजीत कुमार, भूगोल विभागाध्यक्ष, मारखम कॉलेज ऑफ कॉमर्स हजारीबाग, विशिष्ट अतिथि देवकुमार सिंह, सेवानिवृत व्याख्याता प्रयाग साहू और प्राचार्य द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। तत्पश्चात पुष्पगुच्छ देकर अतिथियों का स्वागत किया गया। मुख्य अतिथि ने कहा कि खेलों को बढ़ावा देने से युवा पीढ़ी में सृजन क्षमता और सकारात्मक सोच विकसित होती है। देवकुमार सिंह ने कहा कि खेलों के आयोजन से छात्र-छात्राओं को अपनी प्रतिभाओं के प्रदर्शन का मौका मिलता है। प्राचार्य डॉ. दुलार ने कहा कि खेलों से बौद्धिक विकास के साथ साथ अनुशासन की भावना विकसित होती है। शुक्रवार को बालक और बालिका वर्ग में क्रिकेट, बैडमिंटन, लूडो और कैरम का आयोजन किया गया। अंतिम दिन शनिवार को मेडल और प्रशस्ति पत्र वितरण के साथ तीन दिवसीय खेल महोत्सव का समापन होगा। महाविद्यालय के खेल प्रभारी प्रो सकेंद्र मिस्त्री ने उपस्थित अतिथियों का धन्यवाद ज्ञापन किया।


