खेलो एमपी यूथ गेम्स:10 से 31 जनवरी तक प्रतियोगिताएं होंगी

खेलो एमपी यूथ गेम्स में इस बार पिट्‌टू जैसे पारंपरिक खेलों के साथ ही क्रिकेट को भी शामिल किया गया है। इसी के साथ देश में पहली बार ऐसा होगा, जिसमें खेल विभाग के साथ सभी मान्यता प्राप्त खेल संघ मिलकर समन्वित रूप से प्रतियोगिताओं का संचालन करेंगे। यह जानकारी खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने रविवार को यहां मीडिया को दी। सारंग ने बताया कि एमपी यूथ गेम्स-2025 10 से 31 जनवरी 2026 तक आयोजित होंगे। चयन प्रक्रिया ब्लॉक स्तर से प्रारंभ होगी, जिसमें ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताएं 10 से 15 जनवरी, जिला स्तरीय 16 से 20 जनवरी, संभाग स्तरीय 21 से 25 जनवरी एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं 28 से 31 जनवरी तक आयोजित की जाएंगी। समन्वय अधिकारी नियुक्त सारंग ने कहा कि यूथ गेम्स में भाग लेने वाले प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भविष्य में राज्य टीम के चयन में प्राथमिकता प्रदान की जाएगी। खेल संघों के साथ बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के लिए विभाग द्वारा समन्वय अधिकारी भी नियुक्त किये गए हैं। इसमें कुल 27 खेलों को शामिल किया गया है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं का आयोजन भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, रीवा, शिवपुरी, ग्वालियर, सागर एवं नर्मदापुरम में प्रस्तावित है। खास बात यह है कि इस बार पिट्टू और रस्साकशी को भी यूथ गेम्स में शामिल किया गया है। ब्लॉक स्तर से होगा चयन सारंग ने बताया कि इस आयोजन में ब्लॉक स्तर से चयन प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी। तीन चरणों (ब्लॉक, जिला एवं राज्य स्तर) में 14 खेलों की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें एथलेटिक्स, बैडमिंटन, बॉक्सिंग, हॉकी, जूडो, खो-खो, मल्लखम्ब, तैराकी, वेटलिफ्टिंग, कुश्ती, टेबल टेनिस, योगासन, टेनिस एवं शतरंज शामिल हैं। वहीं चार चरणों (ब्लॉक, जिला, संभाग एवं राज्य स्तर) में 7 खेलों-बास्केटबॉल, फुटबॉल, कबड्डी, व्हॉलीबॉल, क्रिकेट, पारंपरिक खेल पिट्टू एवं रस्साकशी की प्रतियोगिताएं होंगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *