भास्कर न्यूज | भीलवाड़ा नगर निगम द्वारा इंडियन बैंक के सहयोग से खेलेगा भीलवाड़ा – जीतेगा भीलवाड़ा थीम पर 3 से 9 फरवरी तक 70 वार्डों के बीच महापौर राकेश पाठक के मार्गदर्शन में चित्रकूट धाम के बास्केटबॉल स्टेडियम में आयोजित खेलो कबड्डी प्रतियोगिता के तहत वार्ड 2, 3, 4, 26, 36, 55, 56 और 64 की टीमों के बीच मुकाबले हुए। मीडिया संयोजक अंकुर बोरदिया ने बताया कि शाम 4 बजे राष्ट्रगान के साथ शुरू हुए मुकाबलों के दौरान प्रतियोगिता संयोजक मुकेश शर्मा ने महापौर राकेश पाठक, उप महापौर रामनाथ योगी, नेता प्रतिपक्ष धर्मेंद्र पारीक, भाजपा मंडल अध्यक्ष अनिल सिंह जादौन, घनश्याम सिंघीवाल, मनीष पालीवाल का खिलाड़ियों से परिचय कराया। इसके बाद शुरू हुए मुकाबलों में डू ऑर डाई में खिलाड़ियों का संघर्ष देखने को मिला। सुपर टेकल में खिलाड़ियों ने प्रतिभा दिखाते हुए अंक अर्जित किए। तकनीकी टीम ने बताया कि बिना अंक अर्जित किए दो बार रेड करने पर आक्रमण करने वाली टीम की अगली रेड डू ऑर डाई होती है। अगर वो एक अंक हासिल करने में नाकाम रहते हैं तो विपक्षी टीम को एक अंक मिल जाता है। इसी प्रकार डिफेंड करने वाली टीम के पास अगर 3 या उसे कम खिलाड़ी ही कोर्ट में बचते हैं। इस स्थिति में वह रेडर को आउट करने में सफल हो जाते हैं। इसे सुपर टेकल कहा जाता है। उसे दो अंक भी मिलते हैं। संयोजक मुकेश शर्मा ने बताया कि ग्रुप ए में वार्ड 4 ने वार्ड 36 को 55 – 21 से, वार्ड 64 ने वार्ड 55 को 22 – 20 से हराया। ग्रुप बी में वार्ड 56 ने वार्ड 26 को 21-15 से वार्ड 3 ने वार्ड 2 को 37- 25 से शिकस्त दी। दूदू के पास हुए सड़क हादसे में दिवंगत हुए भीलवाड़ा जिले के 8 युवकों को महापौर राकेश पाठक के नेतृत्व में मैदान पर उपस्थित खिलाड़ियों, रेफरियों, प्रबंधन टीम, तकनीकी टीम एवं दर्शकों ने दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी।


