खेल-खेल में सिखाया जल बचाने का तरीका, लिया संकल्प

भास्कर न्यूज | जशपुरनगर जल जागृति जशपुर अभियान के तहत जल संरक्षण को लेकर जनपद पंचायत कुनकुरी के ग्राम पंचायत खंडसा में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आमजन को जल की महत्ता और उसके संरक्षण के उपायों के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की सहभागिता रही। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता रहे वॉटर हीरो नीरज वानखड़े, जिन्होंने उपस्थित लोगों को खेल-खेल में जल संरक्षण के उपाय सिखाए। उन्होंने अपनी प्रस्तुति में सोखता गड्ढा,रेन वाटर हार्वेस्टिंग, रिचार्ज पिट और वर्षा जल संचयन जैसे उपायों को अभिनव मॉडल्स के माध्यम से विस्तार से समझाया। उन्होंने बताया कि किस प्रकार दैनिक जीवन में छोटे-छोटे बदलाव करके हम जल संकट की गंभीर समस्या को कम कर सकते हैं। कार्यक्रम में नीरज वानखड़े ने खेलों और संवाद के माध्यम से बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों को जोड़ते हुए जल संरक्षण को एक रोचक अनुभव में बदल दिया। उन्होंने बताया कि जल सिर्फ एक संसाधन नहीं बल्कि हमारे जीवन का आधार है, और यदि अभी कदम नहीं उठाए गए तो आने वाली पीढ़ियों को गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। वॉटर हीरो नीरज वानखड़े ने खेल गतिविधियों के ज़रिए पानी की बचत और संरक्षण के महत्व को लोगों तक पहुंचाया। उन्होंने अपने अभिनव मॉडल्स से सोखता गड्ढा, वर्षा जल संचयन, रिचार्ज पिट बनाने के आसान तरीके भी समझाए। ग्रामीणों को इन तकनीकों को अपनाने की अपील की गई, जिससे जलस्तर को बनाए रखा जा सके। इस अवसर पर सुशीला साय अध्यक्ष जनपद पंचायत कुनकुरी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि जल बचाने की शुरुआत घर से होनी चाहिए। उन्होंने नल बंद रखने, वर्षा जल का संचयन करने, और जल स्रोतों की सफाई बनाए रखने जैसे उपायों की बात कही। कार्यक्रम में मनिता बाई (जिला पंचायत सदस्य), निवेदिता मिश्रा, हेमा गुप्ता, संतोष यादव (जनपद सदस्य कुनकुरी), वन विभाग के डिप्टी रेंजर, जल संसाधन विभाग के एसडीओ, जिला पंचायत के सहायक परियोजना अधिकारी, ग्राम पंचायत रायकेरा, खंडसा, गड़ाकटा के सरपंच-पंच, रोजगार सहायक, स्व-सहायता समूह की दीदियां, और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने एक स्वर में जल बचाने की शपथ ली और संकल्प लिया कि वे न केवल स्वयं जल बचाएंगे बल्कि दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *