भास्कर न्यूज | लुधियाना खेल विभाग पंजाब द्वारा नेशनल खेलों में गोल्ड, सिल्वर व ब्रॉन्ज मेडल हासिल करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया जा रहा है। इसके लिए कैश अवार्ड देकर उनका मान बढ़ाया जाएगा। मुख्यमंत्री पंजाब की रहनुमाई में खेलों व युवक सेवा विभाग की ओर से 38वीं नेशनल गेम्स 2025 और खेड़ा वतन पंजाब दिया 2024 (सीजन-3) के मैडल विजेता खिलाड़ियों को नकद इनाम से सम्मानित करने के लिए 27 मार्च को म्यूनिसिपल भवन सेक्टर-35 चंडीगढ़ में सम्मान समारोह आयोजित किया जा रहा है। इसमें 15 खेलों आर्चरी, एक्वाटिक्स, एथलेटिक्स, बास्केटबॉल, बॉक्सिंग, साइक्लिंग, फैंसिंग, जूडो, नेटबॉल, रोइंग, शूटिंग, वेटलिफ्टिंग, रेसलिंग, वुशु, योगासन के 123 के करीब खिलाड़ियों को गोल्ड, सिल्वर व ब्रॉन्ज मेडल हासिल करने पर सम्मानित किया जाएगा। खेल विभाग द्वारा कुल 123 मेडल खिलाड़ियों में दिए जाएंगे जिस पर 3.99 करोड़ की नकद राशि वितरित की जानी है। इसमें 41 गोल्ड, 28 सिल्वर और 55 ब्रॉन्ज मेडल शामिल है। गोल्ड मेडलिस्ट को 5 लाख, सिल्वर को 3 लाख और ब्रॉन्ज मेडलिस्ट को 2 लाख रुपए की नकद राशि दी जाएगी। बॉक्सिंग में चकर गांव की सिमरनजीत कौर बाठ को ब्रॉन्ज मेडल, साइक्लिंग में हर्षवीर सेखों को 40 किलो मीटर टाइम ट्रायल में ब्रॉन्ज मेडल, बास्केटबॉल लड़कों में नवकरमन सिंह, नवाज सिंह पनैच, अभिषेक, करनदीप सिंह, को गोल्ड मेडल हासिल करने पर नकद इनाम राशि से नवाजा जाएगा।


