खैरथल-तिजारा जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार को विभाग की टीम ने ग्राम डोटाना, तिजारा में मिलावटी मिठाई बनाने वाले दो गोदामों को सील कर दिया। यह कार्रवाई ‘निरामय राजस्थान’ के तहत ‘बच्चों के लिए स्वस्थ और सुरक्षित खानपान माह’ अभियान के तहत की गई। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त, राजस्थान जयपुर के निर्देश पर यह अभियान पूरे जिले में चलाया जा रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविंद गेट ने बताया कि इसका उद्देश्य बच्चों में स्वस्थ आहार की आदतों को बढ़ावा देना और उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। डॉ. गेट ने खाद्य सुरक्षा विभाग को बच्चों द्वारा आमतौर पर खाए जाने वाले खाद्य पदार्थों जैसे शिशु आहार, चॉकलेट, रंगीन खाद्य पदार्थ, सॉफ्ट ड्रिंक, बेबी फूड, चाइनीज फूड, पानी पुरी और पाव भाजी का सघन निरीक्षण और नमूनीकरण करने के निर्देश दिए हैं। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि विभाग की टीम ने ग्राम डोटाना में मैसर्स बरकत पुत्र अलादीन (ग्राम फुलावास) और मैसर्स शाकीर पुत्र अलादीन (ग्राम डोटाना) के गोदामों पर छापा मारा। इन गोदामों में भारी मात्रा में मिल्क पाउडर, रिफाइंड ऑयल के पीपे, पाम ऑयल और एसएनएफ पाउडर मिला। बड़ी मिक्सिंग मशीनों का उपयोग कर इन सामग्रियों से मिलावटी मिठाई तैयार की जा रही थी। यह मिठाई कलाकंद और मिल्क केक के नाम पर 450 रुपए-500 रुपए प्रति किलो के भाव से बाजार में बेची जा रही थी। टीम ने मौके से मिल्क पाउडर, मिलावटी मिठाई और तेल के नमूने लिए, जबकि शेष पूरा सामान जब्त कर लिया गया। दोनों निर्माताओं के पास खाद्य लाइसेंस नहीं होने के कारण खाद्य सुरक्षा अधिनियम 2006 के तहत गोदामों को सील कर दिया गया।


