खैरथल-तिजारा जिले में एनएफएल कंपनी के किसान यूरिया ब्रांड के 10,000 बैग की एक रैक पहुंच गई है। इसके साथ ही, जिले में अब यूरिया की कोई कमी नहीं है और किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध हो गया है। कृषि (विस्तार) विभाग, जिला परिषद, खैरथल के संयुक्त निदेशक विजय सिंह ने इस बात की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि एनएफएल कंपनी के 10,000 बैग किसान यूरिया जिले के 25 निजी विक्रेताओं को प्राप्त हुए हैं। यह यूरिया जिंदोली, खैरथल, सोडावास, गोठड़ा, बीबीरानी, जैरोली, तिजारा, किशनगढ़ बास, तितरका, मोठूका, भोंकर, शामदा, बूढी बावल और मातोर जैसे विभिन्न स्थानों पर उपलब्ध कराया गया है। सभी विक्रेताओं को विभागीय निर्देशानुसार यूरिया वितरण करने के निर्देश दिए गए हैं। संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) ने किसानों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से यूरिया का संग्रहण न करें। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिले में यूरिया की कोई कमी नहीं है और इसकी आपूर्ति हर सप्ताह जारी रहेगी।


