खैरथल में मंगलवार को केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने 276.67 करोड़ रुपए की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। इन कार्यों में सड़क निर्माण, पेयजल परियोजनाएं, सीवर ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) और अन्य आधारभूत सुविधाएं शामिल हैं। केंद्रीय मंत्री ने तिजारा क्षेत्र के गहणकर गांव स्थित बाबा कमलनाथ आश्रम में दर्शन कर क्षेत्र के सर्वांगीण विकास की कामना की। उन्होंने कहा कि जनसेवा और क्षेत्रीय विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। वर्ष 2025 में वे कई बार खैरथल आए और नियमित रूप से जनता से संवाद किया। ‘वीबी-जी राम जी’ ऐतिहासिक पहल-मंत्री मनरेगा को लेकर मंत्री यादव ने कहा कि मनरेगा पर विपक्ष भ्रम फैला रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लाया गया ‘विकसित भारत–रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) गारंटी अधिनियम, 2025’ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती देगा। अब ग्रामीणों को 100 के स्थान पर 125 दिन के रोजगार की कानूनी गारंटी मिलेगी। योजना के तहत पक्के कार्य, जल संसाधन विकास, सड़क निर्माण, जियो-टैगिंग से निगरानी, साप्ताहिक भुगतान और देरी पर मुआवजे का प्रावधान किया गया है। उन्होंने बताया कि खैरथल रेलवे स्टेशन का 15 करोड़ रुपए से विकास, कई ट्रेनों के ठहराव, औद्योगिक व खेल अधोसंरचना, अंतरराष्ट्रीय स्तर की कुश्ती अकादमी सहित कई परियोजनाएं प्रगति पर हैं। ईआरसीपी को मिली रफ्तार-मंत्री कन्हैयालाल जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं भू-जल विभाग मंत्री कन्हैयालाल ने कहा कि ईआरसीपी परियोजना को छह माह में गति मिली है। अलवर व खैरथल जिलों के लिए 2200 करोड़ रुपए के जल कार्य स्वीकृत किए गए हैं। खैरथल विधानसभा क्षेत्र में बीते दो वर्षों में 277 करोड़ रुपए के जलापूर्ति कार्य मंजूर हुए हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल जीवन मिशन के लंबित कार्य एक वर्ष में पूरे कर लिए जाएंगे। आवास व स्वनिधि योजना के लाभ वितरित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के लाभार्थियों को चेक व आवास की चाबियां सौंपी गईं। मंत्रियों ने कहा कि सरकार की योजनाओं का उद्देश्य अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है। आरओबी, बाइपास व सड़कों को मिलेगी मजबूती खैरथल में 50 करोड़ रुपए की लागत से रेलवे ओवरब्रिज, 7 करोड़ रुपए से बाबा बंदा सिंह बहादुर बाइपास, नगर परिषद क्षेत्र में सीसी सड़कें, नालियां, 47.58 करोड़ रुपए की शहरी जल योजना और 61.50 करोड़ रुपए की प्रमुख सड़क परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। ये रहे मौजूद इस अवसर पर पूर्व विधायक रामहेत सिंह यादव ने क्षेत्र की पेयजल, यातायात और रेल सुविधाओं से जुड़ी मांगें रखीं। कार्यक्रम में जिला प्रमुख बलबीर छिल्लर, कठूमर विधायक रमेश खींची, जिला अध्यक्ष अलवर उत्तर महासिंह चौधरी, जिला अध्यक्ष अलवर दक्षिण अशोक गुप्ता, पूर्व विधायक अलवर बनवारी लाल सिंघल, पूर्व विधायक तिजारा मामन सिंह, बन्नाराम मीणा रामकिशन मेघवाल, सरस डेयरी अध्यक्ष नितिन सांगवान, कोटकासिम प्रधान संता देवी, महेश गुप्ता, इंद्र यादव, पूर्व सभापति अशोक डाटा, उपसभापति वरुण डाटा, राजेश बटवाडा, अनूप यादव, पवन यादव, रमेश रावत, रामनिवास, सीमा जाटव, मनीष शर्मा, मनोज मित्तल, सुभाष जांगिड़, रामबाबू जाटव, सरदार बलबीर सिंह, नरेश भड़ाना, निलेश खंडेलवाल, तेजसिंह सैनी सहित अन्य जनप्रतिनिधि गण एवं प्रबुद्ध गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मंच संचालन लक्ष्मी नारायण गुप्ता द्वारा किया गया।


