खैरथल में मंगलवार को सार्वजनिक पार्क नई अनाज मंडी में शहरी सेवा शिविर का आयोजन किया गया। तिजारा के अतिरिक्त जिला कलक्टर शिवपाल जाट ने शिविर का निरीक्षण किया। शिविर में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के कार्मिक अनुपस्थित मिले। एडीएम ने इस पर तत्काल कारण बताओ नोटिस जारी किया। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में शिविरों में अनुपस्थित रहने वाले कार्मिकों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। एडीएम ने विभाग के कार्मिकों को तुरंत बुलवाया और मौके पर ही वृद्धजनों की पेंशन से जुड़े मामलों का निस्तारण करवाया। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर और पारदर्शी तरीके से मिलना चाहिए। अतिरिक्त जिला कलेक्टर ने शिविर के रजिस्टरों की गहन जांच की। उन्होंने कहा कि शिविरों का मुख्य उद्देश्य जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान है। अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन से संवाद में संवेदनशीलता बरतें। योजनाओं की जानकारी स्थानीय भाषा में दें। उन्होंने सड़क मरम्मत, स्ट्रीट लाइट और सार्वजनिक सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों के तत्काल समाधान के निर्देश दिए। शिविर में संबंधित अधिकारी, कार्मिक और ग्रामीण मौजूद रहे।


