खैरागढ़ में गहनों के लिए पड़ोसी ने की हत्या:बेटे के नाम पर महिला को बाइक से ले गया सुनसान जगह, गला घोंटकर लूटे गहने

छत्तीसगढ़ के खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। गुमानपुर गांव में 55 वर्षीय पुनीता सिन्हा की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस ने उनके पड़ोसी सेवक राम खेलवार (45) को गिरफ्तार किया है। 7 फरवरी की शाम करीब 7 बजे आरोपी ने एक सोची-समझी साजिश के तहत पुनीता को फंसाया। उसने झूठा बहाना बनाया कि उनका बेटा प्रकाश गुमानपुर खार में फंसा हुआ है और कुछ लोग उससे पैसे मांग रहे हैं। घबराई मां तुरंत आरोपी की बाइक पर बैठ गई। महिला को बाइक से धक्का देकर नीचे गिराया सुनसान जगह पहुंचते ही आरोपी ने अपना असली रंग दिखाया। उसने पुनीता को बाइक से धक्का देकर गिरा दिया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। इतना ही नहीं, गहने लूटने के लिए उसने उनकी साड़ी से ही फंदा बनाकर उनकी जान ले ली। मृतका के कानों से सोने की पीपल पत्ती, मंगलसूत्र का लॉकेट और चांदी की एठी समेत सभी गहने लूटकर फरार हो गया। गातापार पुलिस और साइबर सेल की कार्रवाई में आरोपी को पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने जुर्म कबूल कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर सोनभठ्ठा के एक नाले के पास से लूटे गए गहने और शेरगढ़ से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *