छुईखदान जनपद पंचायत क्षेत्र में त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2025 का पहला चरण कल 17 फरवरी को होगा। जिला पंचायत, जनपद सदस्य, पंच और सरपंच पदों के लिए होने वाले इस चुनाव की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आज छुईखदान स्थित नए मंगल भवन में बने स्ट्रांग रूम से मतदान सामग्री का वितरण किया गया। पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल और जिला पंचायत के रिटर्निंग अधिकारी एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रेम कुमार पटेल ने हरी झंडी दिखाकर मतदान दलों को रवाना किया। 258 मतदान दल रवाना छुईखदान विकासखंड की 107 ग्राम पंचायतों में स्थापित मतदान केंद्रों पर चुनाव कराने के लिए कुल 258 मतदान दलों का गठन किया गया है। सुबह से ही मतदान कर्मी सामग्री वितरण केंद्र पर पहुंचकर आवश्यक सामग्री का मिलान और अन्य जरूरी प्रक्रियाएं पूरी करने में जुटे रहे। वरिष्ठ अधिकारियों ने मतदान दलों को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को निर्वाचन कार्य की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं और निर्बाध मतदान सुनिश्चित करने का आग्रह किया।


