छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ में सीदार खपरी गांव के पास एक पिकअप वाहन पलटने से 15 लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब ईटार गांव के लोग डोंगरगढ़ के मुंगलानी गांव में छट्ठी कार्यक्रम में जा रहे थे। पिकअप में करीब 30 लोग सवार थे। सिदार-खपरी मार्ग पर अचानक एक बकरी आ गई। चालक ने बकरी को बचाने का प्रयास किया। तेज रफ्तार के कारण वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। घायलों में 14 से 65 वर्ष तक की उम्र के लोग शामिल हैं। मालती कंवर और विश्वासा कंवर को गंभीर चोटें आने के कारण राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। अन्य घायलों को खैरागढ़ सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुड़ीपार पीएससी से डॉक्टर नागेश सिमकर की टीम ने मौके पर पहुंचकर प्राथमिक उपचार दिया। घायलों से घायलों से मिलने पहुंचे अस्पताल खैरागढ़ के एसडीएम टांकेश्वर प्रसाद साहू ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को बेहतर इलाज के निर्देश दिए। प्रशासन ने मालवाहक वाहनों में यात्रियों की ढुलाई पर चिंता जताई है। एसडीएम ने ट्रैफिक पुलिस और परिवहन विभाग को नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।


