भास्कर संवाददाता | खरगोन जिला मुख्यालय से 40 किलोमीटर दूर सेगांव तहसील के ग्राम खोलगांव में 14 दिसंबर की रात लगभग 3 से 4 बजे के बीच मजदूर परिवार का मकान आग की भेंट चढ़ गया। आगजनी में घर का अनाज, बर्तन, कपड़े, कृषि के साधन, मजदूरी के रखे पैसे जलकर राख हो गए। वहीं मवेशी आग की चपेट में आ गए। ग्रामीणों के सहयोग से आग को काबू में लाया गया और अन्य घरों को नुकसान से बचाया गया। मकान मालिक भारत पिता छितू ने बताया कि वे रात में गेहूं में पानी देने के लिए खेत में गए हुए थे। उनकी पत्नी रुकमा ने गांव के एक व्यक्ति पर शंका भी जताई है। पीड़ित परिवार ने पुलिस चौकी सेगांव में भी एफआईआर दर्ज कराने का आवेदन भी दिया है।


