खोह में बुधवार सुबह 11 बजे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। घटना में बाइक सवार विजय (48) घायल हो गया। विजय अपने घर के काम से डीग जा रहा था। दुर्घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। उन्होंने ट्रैक्टर को रोका और पुलिस को सूचना दी। खोह थाना प्रभारी विश्बर सिंह ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। घायल विजय को स्थानीय लोग डीग अस्पताल ले गए। उनके सीधे पैर के पंजे में गंभीर चोट आई है। घायल के परिजन उदय सिंह ने बताया कि दुर्घटना खोह से निकलते समय हुई, जब तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर ने विजय की बाइक को टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों का कहना है कि खोह रोड पर पत्थरों और मिट्टी से भरे ओवरलोड वाहन तेज गति से चलते हैं। इस मार्ग पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। फिर भी प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।


