भास्कर न्यूज | धमतरी गंगरेल-मरादेव मार्ग पर रविवार दोपहर करीब 12 बजे तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। हादसे में बाइक चला रहे मोती ध्रुव (37) और उसकी बेटी घायल हो गए। दोनों गंगरेल से रिश्तेदार के घर से लौट रहे थे। मोती ध्रुव गुरूर ब्लॉक के घानापुरी का रहने वाला है। वह अपनी बेटी के साथ किसी काम से रिश्तेदार के यहां गया था। लौटते समय मरादेव के पास बाइक फिसल गई। हादसे में बच्ची के माथे पर चोट आई है। मोती को भी गंभीर चोटें लगी हैं। घटना की जानकारी मिलते ही रक्तदान ग्रुप की एंबुलेंस से शिवा प्रधान और सोनू साहू मौके पर पहुंचे। दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। रविवार को गंगरेल रोड पर ट्रैफिक का दबाव ज्यादा रहता है। तेज रफ्तार वाहनों के कारण अक्सर हादसे होते हैं। फिलहाल दोनों का इलाज अस्पताल में जारी है।


