रेलवे द्वारा गंगानगर के किन्नू, सीकर और अलवर के प्याज कोलकाता तक पहुंचाए जाएंगे। इसके लिए रेलवे पार्सल स्पेशल ट्रेन संचालित करेगा। वहीं ट्रेन से कुंभ के लिए यात्री भी जा सकेंगे। हालांकि ट्रेन लंबे रूट से जाएगी और समय भी अधिक लगेगा। रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार रेलवे जीएम अमिताभ पिछले दिनों बीकानेर मंडल के निरीक्षण के लिए गए। इस दौरान उनसे गंगानगर के लोगों ने मुलाकात की। इस दौरान लोगों ने मांग की कि गंगानगर के किन्नू की कोलकाता में भारी मांग है, लेकिन सीधे ट्रेन उपलब्ध नहीं होने की वजह से परेशानी आती है। इसके बाद जीएम ने यहां के लिए पार्सल ट्रेन चलाने के लिए परिचालन विभाग को कहा। इसके बाद दो पार्सल कोच (वीपी) के साथ ट्रेन भेजने का निर्णय लिया गया। हालांकि अन्य ट्रेनों के मुकाबले 25-30 घंटे का सफर 55 घंटे में पूरा करेगी। वहीं महाकुंभ के लिए ट्रेनों में भीड़ को देखते हुए ट्रेन को वाया प्रयागराज चलाए जाने का निर्णय लिया गया। ट्रेन नंबर 04731 श्रीगंगानगर-कोलकाता पैसेंजर-कम-पार्सल स्पेशल 19,26 फरवरी (2 ट्रिप) को श्रीगंगानगर से बुधवार रात 11 बजे रवाना होकर गुरुवार शाम 4:10 बजे जयपुर और शनिवार को सुबह 8:50 बजे कोलकाता पहुंचेगी।


