जयपुर | चांदपोल गेट के बाहर स्टेशन रोड स्थित खंडेलवाल स्कूल प्रांगण स्थित गंगा माता मंदिर में सोमवार से श्रीमद् भागवत कथा ज्ञानयज्ञ शुरू हुआ। सुबह कलशयात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने मंगल कलश सिर पर धारण किए। कलशयात्रा में भाजपा नेता चंद्रमनोहर बटवाड़ा, कैलाश टिक्कीवाल और शंकर महाराज शामिल हुए। कथा मनोरथी रेखा, प्रदीप सेठी व यज्ञ सेठी ने भागवत पोथी धारण की। यात्रा गणगौरी बाजार दीनानाथजी का रास्ता के त्रिशिखरेश्वर महादेव मंदिर से रवाना हुई और गणगौरी बाजार से छोटी चौपड़ होते हुए चांदपोल बाजार पहुंची। महिलाओं ने मंदिरों में ढोक लगाई और स्टेशन रोड स्थित गंगा माता मंदिर पहुंचीं। कथावाचक आशीष व्यास ने भागवत का महात्म्य और शुकदेवजी का प्राकट्य प्रसंग सुनाया। कथा रोजाना दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक चलेगी।


