विवादों से भरी गंज मंडी की 26 एकड़ जमीन में नया प्रोजेक्ट लांच करने 15 साल बाद पहली बार आम सहमति बन पाई है। अभी तक निगम में कांग्रेस और राज्य में भाजपा की सरकार होने की वजह से मामला कहीं न कहीं फंस जाता था। लेकिन इस बार निगम और राज्य दोनों में भाजपा की सरकार होने की वजह से गंज मंडी में नया प्रोजेक्ट बनाने का रास्ता साफ हो गया है। पहली बार इस योजना के लिए व्यापक मास्टर प्लान तैयार किया जा रहा है। जो अब तक कभी नहीं बना था। शहर के पॉश इलाके में मौजूद इस बेशकीमती जमीन पर कमर्शियल कांप्लेक्स तैयार किया जाएगा। यहां पहले से मौजूद कारोबारियों को व्यवस्थित दुकानें बनाकर दी जाएंगी। नए व्यावसायिक परिसर और आसपास के बाजारों के लिए नई हाईटेक मल्टीलेवल पार्किंग तैयार की जाएगी। गंज मंडी परिसर में रहने वालों के लिए शानदार अपार्टमेंट बनाए जाएंगे। इसमें टू और थ्री बीएचके फ्लैट होंगे। इन योजनाओं के लिए निगम ने प्रारंभिक मास्टर प्लान तैयार कर लिया है। इसे दस्तावेजी रूप देने के लिए सलाहकार नियुक्त करने कंपनियों से प्रस्ताव मंगवा रहे हैं। यह प्लान इस प्रोजेक्ट के वर्तमान और अगले 50 साल की जरूरत को देखते हुए तैयार किया जाएगा। बड़े शहरों की कंपनियों ने दिखाई प्रोजेक्ट ने दिलचस्पी
राजधानी के इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट का सलाहकार बनने रायपुर समेत देश के दो बड़े शहरों की कंपनियों ने दिलचस्पी दिखाई है। इनमें नई दिल्ली की प्रेम चौधरी एंड एसोसिएट, एस एंड जे भुवनेश्वर और बिल्डक्राफ्ट रायपुर शामिल है। तीनों ही फर्म पहले ही प्रोजेक्ट से जुड़ी सभी जानकारियों का प्रजेंटेशन दे चुकी है। अंतरिम प्लानिंग भी अफसरों के सामने पेश कर दी गई है। निगम इनमें से एक फर्म को फाइनल करेगा। यह फर्म प्रोजेक्ट का एक फाइनल मास्टर प्लान तैयार करेगी। इस मास्टर प्लान में वर्तमान 593 कारोबारियों के व्यवस्थापन के साथ अलग व्यावसायिक कांप्लेक्स तैयार किया जाएगा। 26 एकड़ में कुछ लीज वाले और कई जमीन मालिक हैं। उन्हें भी इसी प्रोजेक्ट में व्यवस्थित किया जाएगा। आसपास का पूरा इलाका संवरेगा नई मल्टीलेवल पार्किंग बनेगी
गंज मंडी का नवीनीकरण होने के बाद केवल इसी इलाके का विकास नहीं होगा बल्कि आसपास के सभी इलाके भी संवर जाएंगे। गंज मंडी से लगी बस्ती में कुछ लोग सालों से रह रहे हैं। इनके लिए भी नया आवासीय कांप्लेक्स तैयार किया जाएगा। इसके अलावा रामसागरपारा, स्टेशन रोड, एमजी रोड, तेलघानी नाका सहित आसपास का पूरा व्यावसायिक इलाका इस प्रोजेक्ट से प्रभावित होगा। इन सभी इलाकों के लिए नई मल्टीलेवल पार्किंग बनेगी। बड़ी जगह ग्रीनरी के लिए भी छोड़ी जाएगी। ताकि इस व्यावसायिक क्षेत्र में हरियाली रहे। इससे आसपास का वातावरण ठंडा रहेगा। नवीन मार्केट को तोड़कर बनेगा नया व्यावसायिक कांप्लेक्स गंज मंडी के साथ ही जीई रोड पर पुराने नवीन मार्केट को तोड़कर नया कमर्शियल कांप्लेक्स बनाने का काम वहां पीछे मौजूद खाली मैदान से शुरू होगा। नए प्रोजेक्ट के लिए निगम ने कंसल्टेंट नियुक्त करने की प्रक्रिया शुरू की है। निगम इसे पीपीपी मोड पर बनाएगा। इसके लिए कंपनियों से प्रस्ताव मंगाए जा रहे हैं। नवीन मार्केट में अभी 43 कारोबारियों की दुकानें हैं। मार्केट का पूरा परिसर दो हिस्सों में बंटा है। एक हिस्से में दुकानें बनी हैं। दूसरा हिस्सा इस परिसर के पीछे डबरी स्कूल और उसका खाली मैदान है। दोनों मिलाकर निगम के पास 4.62 एकड़ जमीन है। इस प्रोजेक्ट को पूरा होने में डेढ़ से दो साल का वक्त लगेगा। कारोबार प्रभावित न हो इसलिए प्रोजेक्ट को अलग-अलग फेज में पूरा करेंगे। अच्छे प्रपोजल को देंगे मौका
गंज मंडी और नवीन मार्केट प्रोजेक्ट पर काम शुरू हो गया है। दोनों ही प्रोजेक्ट के लिए कंसल्टेंट नियुक्त करने रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल जारी हो गया है। गंज मंडी प्रोजेक्ट के लिए तीन कंपनियां हमारे नियम-शर्तों के अनुसार उपयुक्त पाई गई हैं। उन्होंने प्रजेंटेशन से प्लानिंग भी बता दी है। सबसे अच्छे प्रपोजल को चुनने के बाद फाइनल मास्टर प्लान तैयार करेंगे।
मीनल चौबे, महापौर रायपुर


