स्टेशन पर रेलवे शुरू कर रहा पेड वेटिंग हाल, 25 यात्री बैठ सकेंगे, 1 घंटे के लिए देने होंगे 50 रुपए

ट्रेन लेट होने पर यात्रियों को नहीं होना पड़ेगा परेशान ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को अब ट्रेनों का इंतजार प्लेटफॉर्म में रुककर नहीं करना पड़ेगा। रायपुर रेलवे स्टेशन में पहली बार पेड वेटिंग हॉल शुरू किया जा रहा है। यात्रियों को इसके लिए 50 रुपए प्रति घंटे का शुल्क देना होगा। यहां यात्री रुकने के साथ ही फ्रेश भी हो सकेंगे। ट्रेन लेट हो या प्लेटफॉर्म में लोगों की भीड़ ज्यादा हो जाए तो लोग यहां बिना किसी परेशानी के आराम कर सकते हैं। स्टेशन में बनने वाले इस प्रीमियर लॉज में एयर कंडीशन वाला वेटिंग हॉल होगा। यात्रियों को यहां आरामदायक कुर्सी के साथ खाने-पीने, टीवी देखने जैसी हर तरह की सुविधा मिलेगी। पहले घंटे के 50 रुपए देने के बाद बाकी के घंटों के लिए प्रति घंटे केवल 25 रुपए का ही शुल्क देना होगा। हॉल के अंदर ही यात्रियों को खाने-पीने की सुविधा मिलेगी। इससे यात्रियों को बार-बार प्लेटफॉर्म या दुकानों में भी जाने की जरूरत नहीं होगी। इसके अलावा इस प्रीमियम लॉज में वाई-फाई, मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट समेत कई अन्य तरह की भी सुविधाएं होंगी। अभी वेटिंग हॉल में कम पड़ती है जगह
हावड़ा-मुंबई रेलमार्ग पर रायपुर रेलवे स्टेशन का प्रमुख स्थान है। अभी यहां चार वेटिंग हॉल हैं। इसमें दो एसी और दो नॉन एसी हैं। चारों वेटिंग हॉल में 1200 से ज्यादा यात्री एक साथ रुक सकते हैं। स्टेशन से एक दिन में करीब 70 हजार यात्री सफर करते हैं। यहां रायपुर के अलावा अन्य जिलों से भी यात्री ट्रेन पकड़ने के लिए आते हैं। इस वजह से अधिकतर बार यात्रियों के लिए वेटिंग हॉल में जगह कम पड़ जाती है। ट्रेनें लेट होने पर उन्हें घंटों स्टेशन में जहां जगह मिले वहां बैठने के लिए मजबूर होना पड़ता है। इसलिए रेलवे नया वेटिंग हाल बना रहा है। रेल अफसरों का दावा है कि एक माह के भीतर इसे तैयार कर लिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *