लुधियाना| गुरु अंगद देव वेटरनरी एंड एनिमल साइंसेज यूनिवर्सिटी के प्रबंधन बोर्ड ने विभिन्न पदों पर नए अधिकारियों की नियुक्ति को मंजूरी दी है। डॉ. सुरेश कुमार शर्मा को रजिस्ट्रार, डॉ. मीरा डी. आंसल को डीन कॉलेज ऑफ फिशरीज, डॉ. स्वर्ण सिंह रंधावा को डीन कॉलेज ऑफ वेटरनरी साइंस और डॉ. रविंद्र सिंह ग्रेवाल को निदेशक प्रसार शिक्षा नियुक्त किया गया है। वाइस चांसलर डॉ. जतिंदर पाल सिंह गिल ने सभी अधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने विश्वास जताया कि ये अधिकारी विश्वविद्यालय को आगे ले जाएंगे। नवनियुक्त रजिस्ट्रार डॉ. सुरेश कुमार शर्मा भारत सरकार द्वारा समर्थित विश्वविद्यालय में पशु चिकित्सा आयुर्वेदिक चिकित्सा केंद्र की स्थापना में अहम भूमिका निभा चुके हैं। डॉ. मीरा डी. आंसल दूसरी बार कॉलेज ऑफ फिशरीज की डीन बनी हैं। कॉलेज ऑफ वेटरनरी साइंस के डीन डॉ. स्वर्ण सिंह रंधावा पहले क्लीनिक के निदेशक थे। उन्होंने पशुओं में लंगड़ेपन की समस्या पर विशेष शोध किया है। डॉ. रविंद्र सिंह ग्रेवाल ने निदेशक, प्रसार शिक्षा का पदभार संभाल लिया है। इससे पहले वे पशुधन फार्म निदेशक थे।


