भास्कर न्यूज | कोदवा जिले में संग्रहण केंद्रों में धान शॉर्टेज की लगातार मिल रही शिकायतों के बीच साजा क्षेत्र की मोहगांव सेवा सहकारी समिति में बड़ी गड़बड़ी पकड़ी गई। मोहगांव सोसाइटी से धान लोड कर सरदा संग्रहण केंद्र के लिए रवाना एक ट्रक को ग्राम परपोड़ा में संदिग्ध स्थिति में खाली करते पकड़ा गया है। जानकारी के अनुसार शाम करीब 5 बजे मोहगांव सोसाइटी से छह ट्रकों में धान लोड कर रवाना किया गया था। देर रात करीब 9 बजे दो ट्रक ग्राम परपोड़ा में एक निजी व्यापारी के घर के सामने खड़े मिले। संदेह होने पर समिति अध्यक्ष त्रिलोकी साहू एवं प्रभारी प्रबंधक नितिन साहू ने ट्रकों का पीछा किया और मौके पर पहुंचकर धान के कट्टे खाली करते हुए पकड़ा सूचना मिलते ही नोडल अधिकारी, पुलिस एवं तहसीलदार मौके पर पहुंचे। ट्रक को त्रिपाल से ढंककर सील किया गया और संग्रहण केंद्र भेज दिया गया। इस दौरान चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। समिति अध्यक्ष त्रिलोकी साहू ने बताया कि पिछले चार-पांच दिनों से धान में 5-7 क्विंटल की कमी आ रही थी। संदेह के आधार पर निगरानी की गई, जिसके बाद परपोड़ा स्थित राजपूत कृषि केंद्र के सामने ट्रक से धान की चोरी पकड़ी गई। मामले में प्रशासन द्वारा जांच की जा रही है।


