गड्ढे में मासूम की मौत…:परिजन व स्थानीय लोगों का प्रदर्शन चक्काजाम; मामले की जांच होगी, खुले चैंबर बंद किए जाएंगे

रायपुर के रामनगर के गुलमोहर पार्क काॅलोनी में सेप्टिक टैंक के सोकपीट में डूबने से 5 साल के दिव्यांश की मौत पर सोमवार को गुस्साए परिजन और काॅलोनी वालों ने दिनभर प्रदर्शन किया। रामनगर मेन रोड पर धरने पर बैठकर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि निगम अफसरों की लापरवाही से बच्चे की मौत हुई है। दरअसल, सोमवार को सुबह दिव्यांश का पोस्टमार्टम कर उसका शव परिजन को सौंपा गया। बच्चे के अंतिम संस्कार के बाद ही परिजनों और कालोनी वालों का गुस्सा फूटा। उसके बाद ही कालोनी वाले परिजन के साथ सड़क पर उतरे। उन्होंने प्रदर्शन के दौरान मुर्दाबाद के नारे लगाए। देर शाम सीएम विष्णुदेव साय ने मृत बच्चे के परिजन को चार लाख रुपए मुआवजा देने की घोषणा की। रायपुर पश्चिम के पूर्व विधायक विकास उपाध्याय भी परिजन और कॉलोनीवासियों के साथ धरने पर बैठ गए। उन्होंने जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की। नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने इस मामले में जांच करने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की घोषणा की है। महापौर मीनल चौबे ने कहा कि सभी जोन कमिश्नरों को 24 घंटे के भीतर जोन क्षेत्रों में पीएम आवास और बीएसयूपी की सभी कालोनियों में खुले सेप्टिक टैंक और गड्ढों को बंद करने के निर्देश दिए हैं। 2 दिन में वार्ड-वार्ड सर्वे कर निर्माण एवं जनकल्याण के लिए खोदे गए गड्ढों के आसपास सुरक्षा घेरा, लाल झंडी व संकेतक इत्यादि लगाएं। ओवरफ्लो पानी काॅलोनी के बाहर छोड़ना था, जमीन विवाद हुआ तो वहीं गड्‌ढे खोदकर छोड़े प्रधानमंत्री आवास योजना के रामनगर के गुलमोहर पार्क कालोनी में 275 लोगों को मकान आबंटित किया गया है। वे यहां पर रहने लगे तो सेप्टिक टैंक ओवरफ्लो की दिक्कत आने लगी। टैंक के ओवरफ्लो को कालोनी के बाहर छोड़ा जाना था। जमीन संबंधी कुछ विवाद के कारण काम पूरा नहीं हो पाया और पीएम आवास का काम देख रहे अफसरों ने फौरी तौर पर कालोनी के भीतर ही सोकपीट बना दिया। इसके लिए आठ बाई दस फीट लंबाई-चौड़ाई का गड्डा कर छोड़ दिया गया। यह गड्ढा सीवेज के पानी से भरा हुआ था। इस गड्ढे में पांच साल के बच्चे दिव्यांश की डूबने से मौत हो गई। बच्चे की मौत के जिम्मेदारों को सिर्फ एक नोटिस
नगर निगम कमिश्नर विश्वदीप ने बच्चे की मौत के जिम्मेदारों पीएम आवास के ईई अंशुल शर्मा, सब इंजीनियर योगेश यदु, जोन-7 कमिश्नर रमाकांत साहू तथा काम करने वाले ठेकेदार मधुसूदन अग्रवाल को केवल एक नोटिस जारी कर उनसे जवाब मांगा है। हालांकि जोन-7 के कमिश्नर साहू का दो दिन पहले ही तबादला हो गया है। उनकी जगह राकेश शर्मा जोन कमिश्नर हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *